मिस्र में खूनी संघर्ष जारी, प्रधानमंत्री ने मांगी माफी (राउंडअप)

यहां जारी खूनी संघर्ष के बीच राष्ट्रपति ने सत्ता छोड़ने के कोई संकेत नहीं दिए हैं जबकि प्रधानमंत्री अहमद शफीक ने हिंसा के दौरान मारे गए लोगों के लिए राष्ट्र से माफी मांगी है।

काहिरा में पिछले 12 घंटों से भी अधिक समय से चल रहे इस संघर्ष ने अब खतरनाक रूप ले लिया है। प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। बुधवार और गुरुवार के बीच हिंसा में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

मिस्र में पिछले करीब 30 वर्षो से शासन कर रहे मुबारक ने कहा है कि वह अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद सितम्बर में पद छोड़ देंगे जबकि प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि मुबारक सत्ता से बेदखल हों।

मुबारक के इस रुख पर लाखों लोगों ने उन्हें हटाए जाने के लिए अपना प्रदर्शन और तेज कर दिया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने सरकारी टेलीविजन के हवाले से बताया है कि प्रधानमंत्री ने संघर्ष के लिए माफी मांगी है और वादा किया है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

मिस्र सरकार के एक मंत्री ने कहा कि घायलों की संख्या बढ़कर 829 हो गई है। इसमें गुरुवार को घायल हुए 200 लोग भी शामिल हैं।

मुबारक के सितम्बर में सिंहासन खाली करने के वादे और प्रधानमंत्री द्वारा माफी मांगने के बावजूद लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुबारक विरोधी प्रदर्शनकारी 54 वर्षीय ताहा मोहम्मद कामेल हिंसा का ताजा शिकार बने हैं। समाचार एजेंसी डीपीए ने कामेल की बेटी अबीर के हवाले से कहा है कि मुबारक समर्थक प्रदर्शनकारी उनके पिता की मौत के जिम्मेदार हैं। अबीर ने मुबारक समर्थकों को देशद्रोही करार दिया।

एक सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी सलमा इल्तारजी ने समाचार चैनल 'अल जजीरा' को बताया कि प्रदर्शन में बहुत सारे लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया, "घटना स्थल पर एम्बुलेंस नहीं हैं और घायल डेटॉल का इस्तेमाल कर रहे हैं। हस सभी लोग काफी डरे हुए हैं।"

समाचार चैनल ने एक नर्स आइशा हुसैन के हवाले से बताया, "कई तरह के घायल यहां पहुंचे हैं। उन्हें सभी तरह की चोटें लगी हैं। एक लड़के के चेहरे पर दो टांके लगाने पड़े। कुछ लोगों की हड्डियां टूट गई हैं।"

तहरीर चौक पर प्रदर्शन करने वाली मोना सेफ ने कहा, "हम यहां खड़े नहीं रह सकते क्योंकि प्रत्येक 15 मिनट में हमारे साथियों को गोली लग रही है जबकि सेना मूक दर्शक बनी हुई है।"

एक युवा कार्यकर्ता सलमा ने कहा कि वह चौक से तब तक नहीं जाएगी जब तक कि मुबारक और उनका पूरी सरकार इस्तीफा नहीं दे देती।

उन्होंने कहा, "निहत्थे नागरिकों पर सशस्त्र लोगों द्वारा हमला कराए जाने के लिए मुबारक पर एक युद्ध अपराध का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।"

ज्ञात हो कि बुधवार को मुबारक समर्थक लोग घोड़ों और ऊंटों पर सवार होकर प्रदर्शनकारियों के बीच घुस गए और उन्होंने लाठियों से हमला शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और मुबारक समर्थकों के बीच झड़पें शुरू हो हुईं।

मुबारक का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी पहले पीछे हटे लेकिन बाद में उन्होंने मुकाबला किया और कई घुड़सवारों को जमीन पर गिरा दिया। घुड़सवार बुरी तरह घायल हुए।

हमलों के बावजूद मुबारक के विरोध में लोगों का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को प्रदर्शन का 10वां दिन है।

बेलाल मुहम्मद अब्दुल्ला नामक एक शख्स ने दावा किया कि वह बासातीन पुलिस थाने से भागने में सफल रहा। उसके मुताबिक हालात बिगड़ने के बाद थाने को आग के हवाले कर दिया गया था। उसका दावा है कि यदि वह मुबारक विरोधियों को तहरीर चौक से पीछे हटाने में सफल हो जाता है तो उसे 5000 पाउंड देने का वादा किया गया था। सुरक्षाकर्मियों ने उसे यह लालच भी दिया कि उसके खिलाफ दर्ज सभी मामलों को खत्म कर दिया जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अभी गोलियों से जिन दो लोगों की मौत हुई है वे सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी थे। बुधवार को मारे गए लोगों में एक सैनिक भी शामिल था।

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अल बरदई ने मुबारक पर लोगों को भयभीत करने के लिए चालें चलने का आरोप लगाया।

नोबेल पुरस्कार विजेता अल बरदई ने कहा, "मैं काफी चिंतित हूं। निहत्थे लोगों पर बल का प्रयोग करने वाले एक आपराधिक शासन का यह एक और दूसरा लक्षण है।"

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के लंबे अर्से से सहयोगी मुबारक से राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मंगलवार को कहा कि मिस्र में व्यवस्थित रूप से सत्ता का परिवर्तन की 'शुरुआत अब अवश्य होनी चाहिए।' मिस्र ने हालांकि सत्ता के हस्तांतरण की अंतर्राष्ट्रीय अपील को ठुकरा दिया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+