अर्धसैनिक बलों की भर्ती में योग्यता हो आधार : धूमल
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने अर्धसैनिक बलों में योग्यता के आधार पर भर्ती करने पर बल देते हुए कहा कि भर्ती नीति इसी के आधार पर बनाई जानी चाहिए।
धूमल ने मंगलवार को नई दिल्ली में आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर आयोजित मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में कहा कि भर्ती के लिए वर्तमान में भर्ती प्रक्रिया में अपनाई जा रही जनसंख्या नीति के कारण पहाड़ी क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को देशसेवा का अवसर नहीं मिल रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि काफी समय से लंबित प्रदेश के विधेयकों को स्वीकृति प्रदान की जाए। इन विधेयकों को विधानसभा द्वारा पारित किया गया है जो राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए लंबित पड़े हैं। उन्होंने गृह मंत्रालय से आग्रह किया कि इन सभी विधेयकों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि दलाई लामा और करमापा की सुरक्षा पर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे खर्च की प्रतिपूर्ति केंद्र सरकार करे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दलाई लामा की सुरक्षा पर हो रहे खर्च का थोड़ा हिस्सा ही केंद्रीय विदेश मंत्रालय वहन कर रहा है, जबकि करमापा लामा की सुरक्षा का पूरा खर्च राज्य सरकार स्वयं वहन कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे 27,542 तिब्बती शरणार्थियों की निगरानी के लिए प्रदेश सरकार गृह व विदेश मंत्रालय से परामर्श के उपरांत राज्य अन्वेषण विभाग और तिब्बती शरणार्थी सेल में तिब्बत शरणार्थी इकाई स्थापित करेगी। इन इकाइयों की स्थापना के लिए उन्होंने केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications