बिहार में जूनियर डाक्टरों की हड़ताल जारी, राजनीति गरम (लीड-1)
राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को कहा, "आम आदमी अगर किसी मामले को लेकर उत्तेजित होता है तो, समझा जा सकता है लेकिन एक विधायक ऐसा करे तो यह उचित नहीं है।" उन्होंने कहा कि आरोपी विधायक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के महासचिव और सांसद राम कृपाल यादव ने कहा कि इस मामले में जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छानबीन से पहले विधायक को गिरफ्तार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उस दौरान विधायक की हत्या हो सकती थी।
यादव ने हड़ताल करने वाले डॉक्टरों से चिकित्सा क्षेत्र के मूल्यों को न भूलते हुए काम पर लौटने की अपील की।
सूत्रों के अनुसार पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पिछले तीन दिनों के अंदर 29 लोगों की मौत हुई है। हालांकि इस मामले में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इतना बड़ा अस्पताल है तो गंभीर मरीजों की मौत तो होती ही रहती हैं।
हड़ताल के चलते अस्पतालों में मरीजों का आना काफी कम हो गया है। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के सचिव डॉक्टर धीरज ने बताया कि सभी मेडिकल कॉलेजों में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि उनका मकसद हड़ताल से लोगों की परेशानी बढ़ाना नहीं है बल्कि उन लोगों को सजा दिलाना है जिन्होंने चिकित्सकों पर गोली चलाई थी।
राजधानी के इंदिरा गांधी आयुर्वेदिक संस्थान (आईजीआईएमएस) के सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर भी जूनियर डाक्टर के समर्थन में बुधवार को एकदिवसीय हड़ताल पर चले गये। डॉ़ धीरज ने कहा कि अगर जूनियर डाक्टरों की मांगें पूरी नहीं होती हैं तो,डॉक्टर नियमित हड़ताल पर भी जा सकते हैं।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन के अतिरिक्त 25 चिकित्सकों की मांग पर राज्य सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 20 चिकित्सकों को पीएमसीएच भेजा है। पटना के सिविल सर्जन आऱ के. क़े चौधरी ने बताया कि जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल के कारण परेशानी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच में 20 चिकित्सक भेजे गए हैं।
इस बीच, मोदी ने हड़ताल पर गए जूनियर डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील करते हुए कहा," गया मेडिकल कॉलेज में गोलीबारी के आरोपी विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव की गिरतारी शीघ्र होगी। हम चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए सरकार वचनवद्घ है।"
उल्लेखनीय है कि गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएनएमसीएच) में रविवार देर रात बेलागंज के विधायक यादव के दो अंगरक्षकों द्वारा कथित तौर पर गोली चलाए जाने से तीन जूनियर डॉक्टर घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications