मिस्र में बदलाव अभी शुरू होना चाहिए: ओबामा
वाशिंगटन, 2 फरवरी (आईएएनएस)। मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक द्वारा सितम्बर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा न लेने की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिन मुश्किल भरे होंगे। उन्होंने कहा कि मिस्र में बदलाव अभी शुरू होना चाहिए।
काहिरा में मुबारक के बयान के तीन घंटे बाद ही व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ओबामा ने कहा, "हम महान और अमेरिका के लम्बे अर्से से सहयोगी रहे देश के इतिहास में नए अध्याय की शुरूआत के गवाह बन रहे हैं।"
ओबामा ने अपने दीर्घकालीन सहयोगी देश मिस्र और वहां प्रदर्शन कर रहे लोगों की इच्छाओं का समर्थन जारी रखने की वकालत की।
मुबारक से फोन पर बातचीत पर टिप्पणी करते हुए ओबामा ने कहा कि मुबारक ने स्वीकार किया है कि मौजूदा स्थिति जारी नहीं रह सकती और बदलाव होना चाहिए।
ओबामा ने कहा, "बदलाव अर्थपूर्ण होना चाहिए और यह शांतिपूर्ण होने के अलावा अभी से शुरू हो।"
मिस्र के लोगों को सम्बोधित करते हुए ओबामा ने कहा, "हमने आपकी आवाज सुनी है। हमारा विश्वास है कि आपने अपने लक्ष्य तय किए हैं और अपने बच्चों और नाती-पोतों से उज्जवल भविष्य का वादा किया है। मैं अमेरिका और मिस्र के बीच साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध व्यक्ति के तौर पर यह बात कह रहा हूं।"
ओबामा ने कहा, "आगे अभी मुश्किल भरे दिन हैं। मिस्र के भविष्य को लेकर अभी कई सवालों का जवाब नहीं मिला है लेकिन मुझे विश्वास है कि मिस्र के लोग इन सवालों के जवाब ढूंढ लेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications