भारत, अमेरिका में कई उच्चस्तरीय दौरों की योजना
वाशिंगटन, 2 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका ने अप्रैल में नई दिल्ली में होने वाली अपनी रणनीतिक बातचीत से पहले कई उच्चस्तरीय दौरों की योजना बनाई है। ये उच्चस्तरीय दौरे राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान पैदा हुई गति को बनाए रखने के लिए हैं।
राजनयिक सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा और अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की अगुआई में होने वाली बातचीत में कई कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।
घरेलू सुरक्षा मामलों की उप मंत्री जेन हॉल ल्यूट, घरेलू सुरक्षा मामलों की मंत्री जेनेट नेपोलिटेनो की अप्रैल में होने वाले दौरे की तैयारी के सिलसिले में पिछले महीने भारत में थीं।
भारतीय विदेश सचिव निरूपमा राव 13-15 फरवरी तक वाशिंटन में होंगी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन का पिछले सप्ताह का वाशिंगटन दौरा भी इसी सिलसिले में था। मेनन ने अपने दौरे में ओबामा, उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टॉम डोनिलॉन, हिलेरी क्लिंटन और विदेश उप मंत्री बिल बर्न्स से मुलाकात की थी।
मेनन का दौरा आने वाले साल के द्विपक्षीय एजेंडे पर केंद्रित था। इस एजेंडे में शिखर बैठक के दौरान शुरू की गई पहलों का क्रियान्वयन तथा सहयोग के ऐसे नए मंच तैयार करना शामिल था, जो हमारी वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की जरूरतों को पूरा करता हो।
भारतीय रक्षा एवं अंतरिक्ष संगठनों पर से ढीले हो रहे अमेरिकी निर्यात नियंत्रणों के मद्देनजर सूत्रों ने कहा कि राव का दौरा द्विपक्षीय सम्बंधों की समीक्षा करने के साथ ही चार प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय अप्रसार गुटों (परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह, मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था, वासेनार, और आस्ट्रेलिया समूह) में भारत की सदस्यता के लिए एक खाका तैयार करेगा।
इसके पहले अमेरिकी वाणिज्य मंत्री गरी लोके 24 प्रमुख अमेरिकी व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ 6-11 फरवरी तक एक उच्च प्रौद्योगिकी मिशन पर भारत में होंगे। यह मिशन उन्नत औद्योगिकी क्षेत्रों, असैन्य परमाणु व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, नागरिक उड्डयन, और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी पर केंद्रित होगा।
इसके अलावा तीन-चार मार्च को वाशिंगटन में रक्षा नीति समूह की एक बैठक की भी योजना है। अमेरिकी वायुसेना प्रमुख दो से छह फरवरी तक भारत दौरे पर होंगे और भारतीय सेना प्रमुख सात-13 मार्च तक अमेरिका में होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications