हिमगिरी एक्सप्रेस हादसे में मृतकों की संख्या 18 हुई
शाहजहांपुर से देर रात लखनऊ स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज चिकित्सा विश्वविद्यालय (सीएसएमएमयू) स्थानांतरित किए गए घायलों में चार की मौत हो गई।
सीएसएमएमयू के जनसंपर्क विभाग कार्यालय ने बताया कि शाहजहांपुर जिला अस्पताल से 10 घायलों को यहां के लिए रेफर किया गया था, जिसमें से दो की रास्ते में ही मौत हो गई जबकि दो युवकों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी के छह घायलों का उपचार चल रहा है।
उधर शाहजहांपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डी.के.सोनकर ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि यहां चार घायलों का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है।
हादसा मंगलवार को शाहजहांपुर के रोजा स्टेशन के पास तब हुआ जब हिमिगरि एक्सप्रेस रेलगाड़ी की छत पर बड़ी संख्या में सवार युवकों में से 20 से अधिक ओवरब्रिज से टकरा गए। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होकर लौटे अभ्यर्थियों ने हादसे के बाद तोड़फोड़ कर रेलगाड़ी की एक बोगी में आग लगा दी थी।
उससे पहले आईटीबीपी की चतुर्थ श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बरेली पहुंचे विभिन्न राज्यों के करीब चार लाख अभ्यर्थियों ने आईटीबीपी की बदइंतजामी से नाराज होकर बस स्टेशन, रेलवे लाइन, पेट्रोल पम्प सहित कई सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाया।
राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने मंगलवार रात संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भर्ती प्रक्रिया के मद्देनजर आईटीबीपी की तरफ से बरेली में पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया में लाखों अभ्यर्थियों के पहुंचने के बारे में न तो बरेली जिला प्रशासन को सूचित किया और न ही पुलिस महानिदेशक कार्यालय को, जिस कारण यह समस्या उत्पन्न हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications