2जी स्पेक्ट्रम मामले पर जेपीसी की मांग बरकरार : भाजपा
भाजपा महासचिव और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मंत्री द्वारा अपने चहेतों को और बाजार से कम कीमत पर स्पेक्ट्रम आवंटन 2007-08 में हुआ। अब हम 2011 में प्रवेश कर चुके हैं और दो साल से ज्यादा का वक्त बीत चुका है।..मीडिया और विपक्ष द्वारा यह मसला उठाने के बावजूद इस सरकार ने कुछ नहीं किया। पूरा समय प्रधानमंत्री इस बारे में इंकार क्यों करते रहे?"
उन्होंने कहा कि सरकार ने दो-तीन साल तक इस घोटाले पर पर्दा डाले रखा और अभी पखवाड़ा भर पहले राजा के उत्तराधिकारी(मौजूदा केंद्रीय दूरसंचार मंत्री) कपिल सिब्बल ने यह दावा किया कि कोई नुकसान हुआ ही नहीं।
जेटली ने कहा, "इस सरकार के किसी भी कदम से भरोसा नहीं पैदा होगा। विपक्ष इससे संतुष्ट नहीं है और हम 2 जी स्पेक्ट्रम आवंटन पर जेपीसी की मांग पर कायम रहेंगे।"
उन्होंने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में कई प्रश्नों का जवाब मिलना बाकी है। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने बुधवार को राजा और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications