विदेशी पर्यटकों की पसंद बन रहा है चण्डीगढ़
चण्डीगढ़, 2 फरवरी (आईएएनएस)। चौड़ी और साफ चमचमाती सड़कों, भरपूर हरियाली, खूबसूरत बगीचों और साल भर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजनों के चलते चण्डीगढ़ विदेशी पर्यटकों की पसंद बन गया है। पिछले साल 39,000 से ज्यादा विदेशी पर्यटक चण्डीगढ़ पहुंचे।
ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात, पाकिस्तान, अमेरिका, जर्मनी, मलेशिया, आस्ट्रेलिया, स्विटजरलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, जापान, सऊदी अरब, सिंगापुर और ईरान के पर्यटक इस शहर की खूबसूरती देखने पहुंच रहे हैं।
चण्डीगढ़ पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2010 में कुल 39,500 विदेशी पर्यटक चण्डीगढ़ पहुंचे वहीं वर्ष 2009 और 2008 में क्रमश: 37,967 और 32,074 पर्यटक विदेशी पर्यटक भारत पहुंचे थे।
चण्डीगढ़ पर्यटन उपनिदेशक विनोद कालिया ने कहा, "हमने विदेशी पर्यटकों की संख्या में खासी वृद्धि देखी है। वह न सिर्फ यहां रुक रहे हैं बल्कि शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "रोज गार्डन, रॉक गार्डन, सुखना लेक, ली कॉर्बूजियर सेंटर और सरकारी संग्रहालय काफी पसंद किए जा रहे हैं।"
शैक्षणिक दौरे पर आई ब्रिटिश पर्यटक सैली गेल ने कहा, "वास्तुकला डिप्लोमा पाठ्यक्रम के तहत मैं कॉर्बूजियर इमारत का अध्ययन कर रही हूं।"
गेल ने कहा, "चण्डीगढ़ की यह मेरी दूसरी यात्रा है और मुझे यहां की चौड़ी सड़कें और साफ-सफाई बहुत पसंद आई। सब कुछ एकदम सुनियोजित है।"
पिछले साल नवम्बर और दिसम्बर में कुल 2,931 ब्रिटिश पर्यटक यहां पहुंचे जबकि 1,162 जर्मन और 1,116 अमेरिकी पर्यटक चण्डीगढ़ आए।
अक्टूबर से फरवरी के बीच सबसे ज्यादा पर्यटक यहां आते हैं। प्रशासन यहां पर्यटन बढ़ाने के लिए काफी प्रचार-प्रसार कर रहा है। यहां चण्डीगढ़ कार्निवाल, रोज फेस्टिवल, न्यू ईयर एक्स्ट्रवेगेंजा, थिएटर फेसिटवल, हस्तशिल्प मेला और विश्व पर्यटन सप्ताह जैसे आयोजन होते हैं।
पर्यटन अधिकारियों के मुताबिक पिछले साल नौ लाख घरेलू पर्यटक यहां पहुंचे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications