मिस्र: विपक्ष से समझौते के इच्छुक मुबारक, प्रदर्शनकारी इस्तीफे के लिए अड़े
इ न प्रदर्शनों से घबराकर होस्नी मुबारक अब देश में चुनावी नती जों की समीक्षा करने की भी योजना बना रहे हैं। मतलब होस्नी हर वो तिकड़म अपना रहे हैं जिससे वह अपनी कुर्सी बचा लें। उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें विपक्ष के साथ तत्काल बातचीत शुरू करने के लिए कहा है। सुलेमान के मुताबिक राष्ट्रपति ने पिछले साल हुए संसदीय चुनावों के परिणाम में सुधार करने के अदालती आदेश को क्रियान्वित करने पर भी जोर दिया है।
मालूम हो कि मुबारक ने मिस्र के खिफिया प्रमुख को देश का उपराष्ट्रपति बनाया है और अन्य महत्वपूर्ण मंत्रियों को भी बदला है। लेकिन देश की जनता मुबारक के इन बदलावों के साथ समझौता करने को तैयार नहीं है, मिस्र के लोग हर हाल में मुबारक से छुटकारा पाना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनावों में सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) ने धांधली के आरोपों के बीच भारी जीत हासिल की थी।
मिस्र में हो रहे प्रदर्शनों का नेतृत्व प्रमुख सुधारवादी नेता मोहम्मद अल बरदई कर रहे हैं। इसलिए मुबारक अल बरदेई के साथ वार्ता कर इन प्रदर्शनों के बीच समझौते का एक बीच का रास्ता निकालना चाहते हैं। मिस्र में जारी हिंसा में अभी तक कम से कम 150 लोगों की मौत हुई है। काहिरा के तहरीर स्क्वेयर में मंगलवार को हजारों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। उनका कहना है कि जब तक मुबारक अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते तब तक वे प्रदर्शन को वापस नहीं लेंगे। इधर सरकार अब मोबाइल सेवाओं को प्रतिबंधित करने की योजना बना रही है। अन्य सभी मीडिया और संचार माध्यम मिस्र में पहले ही प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।













Click it and Unblock the Notifications