पंजाब के साथ अन्याय खत्म करे केंद्र : बादल
आंतरिक सुरक्षा मामले पर यहां हुए मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में बादल ने केंद्र से अपील की कि वह पंजाब के धार्मिक, राजनीतिक, आर्थिक और भौगोलिक मुद्दों को हल करने के लिए तुरंत कदम उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति व सांप्रदायिक सौहार्द सफलतापूर्वक कायम है। कानून एवं व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण में है और सामाजिक-धार्मिक विवादों को कुशलतापूर्वक सुलझाया गया है।
बादल ने कहा, "राज्य के लोगों के मन में यह धारणा बनी हुई है कि केंद्र के अन्यायपूर्ण रवैए के कारण वहां धार्मिक, राजनीतिक, आर्थिक और भौगोलिक समस्याएं पैदा हुई हैं। भारत सरकार से आश्वासन मिलने के बावजूद हमें अपनी राजधानी अभी तक नहीं मिली है। अभी तक हमें इसे हस्तांतरित नहीं किया गया है।"
उन्होंने कहा, "इसी तरह का अन्याय नदी जल बंटवारे के मामले में किया गया है। पंजाब ही एक मात्र ऐसा राज्य है, जहां तटबंध क्षेत्र के सिद्धांत का उल्लंघन होता रहा है।"
बादल ने कहा कि देश के अनाज भंडार में 70 फीसदी का योगदान देने के बावजूद पंजाब के किसानों को कोई कृषि सम्बंधी पैकेज नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे अरसे तक उग्रवाद से जूझने के बावजूद राज्य को न तो कोई औद्योगिक पैकेज और न ही बड़ी औद्योगिक परियोजना दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्रियों के इस वार्षिक सम्मेलन को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने संबोधित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications