प्रसार भारती ने मनमाने ढंग से जारी किया ठेका : शुंगलू समिति (लीड-1)
रिपोर्ट में कहा गया कि प्रसार भारती ने अक्टूबर 2010 में दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेल के प्रसारण के के संबंध में अत्यधिक भारी भरकम बिल को मंजूरी दे दी।
समिति की रिपोर्ट में इससे सम्बंधित अधिकतर फैसलों के लिए दूरदर्शन के महानिदेशक (अरुण शर्मा) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी. एस. लाली (अभी निलम्बित) को जिम्मेदार ठहराया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि शुंगलू समिति की पहली रिपोर्ट में राष्ट्रमंडल खेलों के प्रसारण अधिकार वितरण में हुई अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बयान में कहा गया, "प्रधानमंत्री ब्रिटेन की कम्पनी एसआईएस लाइव को दिए गए प्रसारण अधिकार के मामले में शुंगलू समिति की पहली रिपोर्ट के निष्कर्षो को गंभीरता से ले रहे हैं।"
बयान में कहा गया, "शुंगलू समिति की पहली रिपोर्ट कैबिनेट सचिव के. एम. चंद्रशेखर को भेज दी गई है। कैबिनेट सचिव की अनुशंसा के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।"
कैबिनेट सचिव को एक सप्ताह में इस रिपोर्ट पर अपनी अनुशंसा सौंपने को कहा गया है।
समिति ने ब्रिटेन की कम्पनी को प्रसारण अधिकारी देकर सरकार को 135 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के लिए लाली और अरुण शर्मा को जिम्मेवार ठहराया है।
पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक शुंगलू राष्ट्रमंडल खेलों में हुए भ्रष्टाचार की जांच के लिए गठित समिति के अध्यक्ष हैं।
खेलों के लिए हुए अन्य सौदों के मामलों में समिति की अन्य रिपोर्ट 31 मार्च तक सरकार को सौंपी जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications