कार कम्पनियों ने बेहतर बिक्री से की 2011 की शुरुआत
मारुति सुजुकी, फोर्ड इंडिया, जेनरल मोटर्स और टोयोटा किर्लोस्कर की बिक्री का आंकड़ा बढ़ा है।
कोरिया की कम्पनी हुंडई मोटर की कुल बिक्री में हालांकि 17.7 फीसदी की कमी आई है, लेकिन घरेलू बाजार में उसकी बिक्री में 2.4 फीसदी का इजाफा हुआ है।
मारुति सुजुकी और हुंडई मोटर्स दोनों कम्पनियों के निर्यात में गिरावट आई है।
मारुति सुजुकी ने जनवरी में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 14.74 फीसदी अधिक कुल 1,09,743 कारें बेचीं। इसमें 9,321 कारों का निर्यात भी शामिल है।
हुंडई मोटर इंडिया ने घरेलू बाजार में जनवरी में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 2.4 फीसदी अधिक कारें बेचीं। कम्पनी ने इस माह कुल 43,316 कारें बेचीं।
फोर्ड की भारतीय इकाई ने 2011 की जनवरी में 10,026 कारें बेचीं। इसमें कम्पनी की हाल में लांच की गई छोटी कार फिगो ने सर्वाधिक योगदान किया। कम्पनी ने पिछले साल जनवरी में 2,453 कारें बेची थीं।
जेनरल मोटर की भारतीय इकाई ने इस माह छह फीसदी बढ़त दर्ज करते हुए कुल 9,984 कारें बेचीं। पिछले साल कम्पनी ने इस अवधि में 9,421 कारें बेची थीं।
बेंगलुरू की कम्पनी टोयोटा किर्लोस्कर ने एक बयान में कहा कि जनवरी में कम्पनी ने 53 फीसदी बढ़त दर्ज करते हुए कुल 9,185 कारें बेचीं। पिछले साल समान अवधि में कम्पनी ने 5,989 कारें बेची थीं।
अन्य जापानी कार निर्माता निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने इस माह 1,857 कारें बेचीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications