मिस्र सरकार ने की विपक्ष के साथ बातचीत की पेशकश
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें विपक्ष के साथ तत्काल बातचीत शुरू करने के लिए कहा है।
सुलेमान के मुताबिक राष्ट्रपति ने पिछले साल हुए संसदीय चुनावों के परिणाम में सुधार करने के अदालती आदेश को क्रियान्वित करने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले नवम्बर में हुए चुनाव के बाद सामने आए कुछ विवादित सीटों को लेकर समीक्षा की जाएगी।
भारी पैमाने पर धांधली के आरोपों के बीच चुनावों में सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) ने भारी जीत हासिल की थी।
मिस्र में जारी विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पूर्व खुफिया प्रमुख सुलेमान को शुक्रवार को देश का उपराष्ट्रपति नियुक्त किया गया था। उधर, प्रदर्शनकारियों ने मुबारक के नए मंत्रिमंडल को स्वीकार करने से इंकार कर दिया है।
प्रमुख सुधारवादी नेता मोहम्मद अल बरदई के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को मुबारक के खिलाफ मार्च निकालने की योजना बनाई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक मिस्र में जारी हिंसा में अभी तक कम से कम 150 लोगों की मौत हुई है। काहिरा के तहरीर स्क्वेयर में मंगलवार को हजारों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए। उनका कहना है कि जब तक मुबारक अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते तब तक वे प्रदर्शन को वापस नहीं लेंगे।
अधिकारियों और मीडिया रपटों के मुताबिक सरकार मंगलवार के मार्च को देखते हुए देश में मोबाइल सेवाओं पर रोक लगाने का विचार कर रही है। देश में गुरुवार से ही इंटरनेट सेवाएं रोक दी गई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications