कश्मीरी बहनों की हत्या में लश्कर का हाथ (लीड-1)
संदिग्ध आतंकियों ने दोनों बहनों को घर से बाहर निकाल कर गोली मार दी और घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना के चलते इलाके में अफरातफरी मच गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।
सोपोर के पुलिस अधीक्षक अल्ताफ खान ने कहा, "पुलिस ने दो हमलावरों की पहचान कर ली है। वे लश्कर-ए-तैयबा से सम्बद्ध हैं।"
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हथियार बंद आतंकियों का एक गिरोह मुस्लिम पीर इलाके में सोमवार की शाम एक घर में घुस गया और दो बहनों, कुलसुम (19) और यास्मिन (17) को घर से जबरन बाहर निकाल लिया।
अधिकारी ने कहा, "आतंकियों ने दोनों बहनों पर गोलियां बरसाईं और उसके बाद वे वहां से फरार हो गए। दोनों बहनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।"
इस घटना पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा है, "यदि आप अपनी राजनीतिक सम्बद्धता से परे इन दोनों बहनों की हत्या की निंदा नहीं कर सकते हैं, तो यह शर्मनाक है।"
अब्दुल्ला ने कहा, "अल्लाह मृत आत्मा को शांति बख्शे.., उनके परिवार को इस दुखद घड़ी का सामना करने की ताकत दे और हमें इस घटना से सबक लेने की ताकत दे।"
इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस और सुरक्षा बल के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications