करमापा मसले पर अभी कोई निष्कर्ष नहीं : चिदम्बरम
नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय एजेंसियां और हिमाचल पुलिस बौद्ध धर्म गुरु 17वें करमापा लामा के मठ से भारी मात्रा में देशी-विदेशी मुद्रा बरामदगी की जांच में जुटी हुई है, इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने सोमवार को कहा कि जांच पूरी होने तक इस मुद्दे के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना कठिन है।
करमापा के धर्मशाला स्थित मठ से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने और इस मामले का चीन से सम्बंध होने से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए चिदम्बरम ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे ताजा स्थिति की जानकारी दी गई है, लेकिन मैं इस स्थिति में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा हूं, इसलिए आपको इस सम्बंध में ज्यादा कुछ नहीं बता सकता।"
उल्लेखनीय है कि तिब्बती धर्मगुरु करमापा उग्येन त्रिनले दोरजी के मठ से लगभग सात करोड़ रुपये विदेशी और देशी मुद्रा की बरामदगी के मामले की केंद्रीय एवं राज्य सरकार की एजेंसियां जांच कर रही हैं।
करमापा ने खुद का चीन से कोई सम्बंध होने से इंकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications