करमापा के जवाबों से जांच अधिकारी संतुष्ट नहीं

ऊना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.जी. कपूर के नेतृत्व में पुलिस के एक दल ने रविवार को करमापा से पूछताछ की इससे पहले शुक्रवार को भी उनसे पूछताछ की गई थी। कपूर ने कहा, "करमापा से 50 सवाल पूछे गए और उन्होंने सभी आरोपों से इंकार किया। उन्होंने कहा कि बरामद की गई रकम अनुयायियों द्वारा दी गई है।" उन्होंने कहा, "हम उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हैं और उनसे दोबारा पूछताछ की जा सकती है।"
इससे पहले शनिवार रात को करमापा के न्यास के साथ कथित तौर पर एक जमीन का सौदा करने वाले धर्मशाला के एक होटल कारोबारी के. पी. भारद्वाज और हरियाणा के एक बैंक के प्रबंधक को गिरफ्तार किया गया। उन्हें करमापा लामा के मठ से बरामद की गई सात करोड़ रुपये की विदेशी और भारतीय मुद्रा के सम्बंध में पूछताछ के लिए ऊना लाया गया।
पुलिस महानिरीक्षक पी. एल. ठाकुर ने इससे पहले कहा था कि करमापा से पूछताछ के दौरान वह इस रकम के स्रोत का पता लगाने की कोशिश करेंगे। मठ से बरामद की गई कुल रकम में सबसे ज्यादा 70 लाख रुपये कीमत की चीनी मुद्रा युआन है। युआन की बरामदगी से करमापा के कथित रूप से चीन से किसी तरह के सम्बंध होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। वह तिब्बत के ल्हासा से जनवरी 2000 में इस मठ में रहस्मय तरीके से आए थे। करमापा ने चीन से किसी तरह का सम्बंध होने से इंकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications