अनुदान प्रणाली में पारदर्शिता जरूरी : तीरथ
नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ ने शुक्रवार को कहा कि अनुदान प्रणाली में पारदर्शिता आवश्यक है।
तीरथ महिला एवं बाल विकास योजनाओं के लिए प्रभावकारी अनुदान राशि के प्रबंधन के लिए आयोजित राष्ट्रीय विमर्श का उद्घाटन करने के बाद स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रही थीं।
मंत्री ने कहा कि सूदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वयंसेवी संगठनों की गहरी पैठ होने और पंचवर्षीय योजनाओं को लागू करने में उनके सामथ्र्य को देखते हुए कहा जा सकता है कि ये संगठन जमीनी स्तर पर समस्याओं को सुलझाने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संगठनों की जितनी अधिक संख्या होगी, तरक्की की रफ्तार उतनी ही अधिक होगी। ये सरकार की आंखें, कान और पैर हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त सचिव सुधीर कुमार ने कहा कि एक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावकारी अनुदान प्रबंधन प्रणाली को विकसित करने के लिए स्वयंसेवी संगठनों से सीधे तौर पर संवाद करना इस विमर्श का उद्देश्य है।
देश के विभिन्न भागों से सरकार और स्वयंसेवी संगठनों के 80 प्रतिनिधियों ने इस विमर्श में भाग लिया।
राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान द्वारा आयोजित दो दिवसीय विमर्श का उद्देश्य वर्तमान ढांचे की समीक्षा, विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता राशि की प्रक्रिया और प्रणाली की समीक्षा, गैर सरकारी संगठनों और सरकारी एजेंसियों द्वारा सहायता राशि के संबंध में चुनौतियों और जटिलताओं की पहचान करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications