नक्सलियों को राजनीतिक संरक्षण की जांच हो : राजद
पटना, 29 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार के कुछ क्षेत्रों में नक्सलियों को राजनीति संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इसकी जांच कराने की मांग की है।
पटना में पत्रकारों से बातचीत में राजद प्रवक्ता शकील अहमद खान ने शनिवार को आरोप लगाया कि गया जिले के इमामगंज समेत राज्य के कुछ नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में नक्सलियों का प्रभाव तेजी से उन क्षेत्रों में भी बढ़ रहा है, जो कुछ समय पूर्व नक्सलमुक्त क्षेत्र माने जाते थे। उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बगैर कहा कि नक्सलियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने का मामला तभी स्पष्ट हो पाएगा, जब निष्पक्ष जांच होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि इमामगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदय नारायण चौधरी विधानसभा अध्यक्ष भी हैं। विधानसभा चुनाव के पूर्व नक्सलियों ने इमामगंज में उन्हें नहीं घुसने देने की भी चेतावनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications