आदर्श घोटाला : प्राथमिकी में अशोक चह्वाण का नाम, पर आरोपी नहीं (लीड-2)
प्राथमिकी में चह्वाण का जिक्र है, लेकिन उनका नाम आरोपी के रूप में नहीं लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार प्राथमिकी में चह्वाण के अलावा जिन 13 व्यक्तियों के नाम अंकित किए गए हैं, उनमें राजनेता कन्हैयालाल गिडवानी, मुंबई के पूर्व जिलाधिकारी प्रदीप व्यास, पूर्व मेजर जनरल एम.एम. वांचू और आर. सी. ठाकुर शामिल हैं। मुम्बई की अदालत में प्राथमिकी शनिवार दोपहर बाद दाखिल की गई।
सम्पर्क करने पर सीबीआई (पश्चिमी क्षेत्र ) के निदेशक ऋषिराज सिंह ने प्राथमिकी में चह्वाण का नाम आने के मुद्दे पर कोई आधिकारिक टिप्पणी देने से इंकार किया।
सीबीआई ने यह प्राथमिकी तब दर्ज कराई है, जब बम्बई उच्च न्यायालय ने सीबीआई से पूछा कि उसने प्राथमिकी दर्ज किए बगैर इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की।
उच्च न्यायालय ने 18 जनवरी की सुनवाई के दौरान सीबीआई को दो सप्ताह के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था।
ज्ञात हो कि आदर्श घोटाले के सामने आने के लगभग एक महीने बाद सीबीआई ने 15 नवम्बर को मामले की प्राथमिक जांच शुरू की थी। इस घोटाले के कारण तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को इस्तीफा देना पड़ा था।
गौरतलब है कि सोसायटी पर आरोप है कि इसने कारगिल के वीरों के आवास के लिए तय जमीन हड़प ली, फ्लोर स्पेस इंडेक्स रूल (मंजिल सम्बंधी नियम) का उल्लंघन किया, तटीय नियमन क्षेत्र की शर्तो का पालन नहीं किया तथा अन्य नियमों की भी धज्जियां उड़ाईं।
चव्हाण के इस्तीफे के बाद राज्य मानवाधिकार आयोग के सदस्य सुभाष लल्ला ने भी घोटाले में अपना नाम आने के कारण इस्तीफा दे दिया था।
इस मामले में राज्य के सूचना आयुक्त रामानंद तिवारी को राज्य सरकार ने 20 जनवरी को निलम्बित कर दिया था।
इसके अलावा राज्य सरकार कई अन्य नौकरशाहों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिनके नाम इस घोटाले में सामने आए हैं।
रक्षा विभाग ने भी इस घोटाले से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े अपने अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications