करमापा के मठों पर छापे, सहयोगियों से पूछताछ (राउंडअप)
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ करमापा और उनके करीबी सहयोगियों के परिसरों पर छापे मारे।
हिमाचल प्रदेश के पुलिस अधिकारियों और केंद्र सरकार की जांच एजेंसियों ने मठ से विदेशी मुद्रा की बरामदगी और चीन के साथ सम्पर्को पर करमापा से पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यहां से 10 किलोमीटर दूर योल कैंट के सैन्य ठिकाने के समीप स्थित मठ में करमापा से शुक्रवार देर रात और शनिवार को पूछताछ हुई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "प्रारम्भिक पूछताछ में करमापा ने बताया कि उन्हें विदेशी मुद्रा और अन्य नकदी के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन हम मामले की जांच कर रहे हैं।"
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि करमापा की बहन और उनके अन्य सहयोगियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को करमापा के सचिव गोम्पो तसेरिंग के आवास पर भी छापा मारा।
पुलिस अधिकारियों ने मठ से 70 लाख रुपये कीमत की चीनी मुद्रा की बरामदगी पर हैरत जताई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चीनी मुद्रा युआन को 'साफ सुथरे ढंग से बांध कर रखा गया था।' और यह दान में मिली राशि नहीं मालूम पड़ती है। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मठ से सात करोड़ रुपये की भारतीय और विदेशी मुद्रा बरामद की हैं।
उल्लेखनीय है कि मठ में विदेशी मुद्रा को रखने पर करमापा और उनके सहयोगियों पर विदेशी मुद्रा रखरखाव अधिनियम (एफईएमए) के तहत मामला चल सकता है। मामले की जांच में शामिल होने के लिए आईबी और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के अधिकारी यहां भेजे गए हैं।
करीब सात करोड़ रुपये की विदेशी और भारतीय मुद्रा बरामद होने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस और केंद्र सरकार की जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं।
तिब्बती बौद्ध अनुयायी करमापा को करमा काग्यू का 17वां अवतार मानते हैं। वह दलाई लामा और पंचेन लामा के बाद तीसरे सर्वोच्च संत माने जाते हैं। करमापा शनिवार सुबह की प्रार्थना में शामिल नहीं हो सके।
ग्युतो तांत्रिक मठ में पिछले कुछ साल से अपने अनुयायियों के साथ रह रहे करमापा इमारत की ऊपरी मंजिल पर हैं और यहां पुलिस अधिकारियों की भीड़ मौजूद है। प्रशासन ने उन्हें नजरबंद किए जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मठ के परिसरों में मौजूद विभिन्न दफ्तरों में छापे की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रोटोकॉल के नियमों का पालन कर रही है।
धूमल ने पत्रकारों से कहा, "हमने केंद्र सरकार को इस मामले से अवगत कराया है। वह इस मामले की जांच कर रही है। हम प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि वह एक फरवरी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे। धूमल ने कहा, "यह एक गंभीर मसला है और यह प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए भी खतरा है।"
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डी. एस. मन्हास ने कहा, "अमेरिकी डॉलर, चीनी युआन, हांग कांग डॉलर, ताइवान और अन्य देशों सहित करीब 25 देशों की मुद्रा बरामद की गई हैं।"
करमापा के प्रशासनिक कार्यालय ने एक बयान में कहा, "पवित्र करमापा को विश्व के हजारों लोगों का प्यार और विश्वास प्राप्त है। पूरी तरह से पारदर्शी वित्तीय सेवाओं के जरिए जन सेवा करने का हमारा लंबा इतिहास रहा है।"
बयान में कहा गया, "हम प्रेस और जनता को सभी सवालों के जवाब देंगे लेकिन फिलहाल हम मौजूदा जांच प्रक्रिया में सहयोग करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आपसे विनम्रता पूर्वक अनुमति चाहेंगे।"
ऊना जिले के मेहतपुर में दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मठ पर छापे की कार्रवाई की है। इन लोगों के पास से एक करोड़ रुपये बरामद हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications