कनाडा से निकाले जाएंगे ट्यूनीशियाईतानाशाह के रिश्तेदार
टोरंटो, 29 जनवरी (आईएएनएस)। कनाडा ने कहा कि देश छोड़कर भागने वाले ट्यूनीशियाई तानाशाह जैनुल आबेदीन अली बेन के एक अरबपति रिश्तेदार को देश से बाहर निकालने के लिए वह कदम उठा रहा है।
अली बेन के अरबपति रिश्तेदार बल हसन ट्रबेल्सी अपने परिजनों के साथ पिछले हफ्ते कनाडा के मॉन्ट्रियल पहुंचे थे।
ट्यूनीशियाई लोगों से अकूत संपत्ति लूटने के आरोपी ट्रबेल्सी एक निजी विमान से मॉन्ट्रियल पहुंचे थे।
कनाडा में ट्यूनीशिया के राजदूत मौलदी साकरी ने बताया कि ट्यूनीशियाई प्रशासन ने ट्रबेल्सी के प्रत्यर्पण की मांग की है और कनाडाई सरकार से उन्हें सौंपने का अनुरोध किया है।
कनाडाई विदेश मंत्री लॉरेंस कैनन ने कहा कि सरकार ट्यूनीशियाई प्रशासन द्वारा तानाशाह के रिश्तेदार के प्र्त्यपण के अनुरोध पर जल्द पहल करने पर विचार कर रही है।
कैनन ने कहा, "ट्रबेल्सी को यहां बुलाया नहीं गया है। हम इस सिलसिले में मौजूदा कानून को देख रहे हैं। जितना जल्दी संभव हो सकेगा हम ट्यूनीशियाई प्रशासन के अनुरोध पर पहल करेंगे।"
विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार ने ट्रबेल्सी की संपत्ति को जब्त करने के लिए कदम उठाया है। कनाडा के आव्रजन अधिकारियों ने ट्रबेल्सी की स्थायी नागरिकता को पहले ही रद्द कर दिया है। उन्होंने 1990 के दशक में कनाडा में स्थायी निवासी का दर्जा हासिल किया था।
उधर, ट्रबेल्सी कनाडा के कानून के मुताबिक अपने निष्कासन के खिलाफ अपील दायर कर सकते हैं और अपने प्रत्यर्पण को रोक सकते हैं।
गौरतलब है कि कनाडा में एक बार स्थायी निवासी का दर्जा प्राप्त होने के बाद इसे आसानी से रद्द नहीं किया जा सकता है। इससे जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं से गुजरने में कई साल लग सकते हैं। अगर ट्रबेल्सी कानूनी लड़ाई हार भी जाते हैं तो, वह शरणार्थी का दर्जा हासिल कर यहां रुक सकते हैं।
कनाडा के कानूनों में मौजूद खामियों का फायदा उठाकर अपराधी, आतंकवादी और भगोड़े अनश्चित समय तक यहां ठहरते हैं।
ट्यूनीशियाई तानाशाह अली बेन के पतन के बाद मिस्र में लम्बे समय से शासन करने वाले हुस्नी मुबारक को हटाने के लिए ट्यूनीशिया की तर्ज पर जनप्रदर्शन का दौर जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications