मिस्र की यात्रा न करने की भारत की सलाह
नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। मिस्र की राजधानी काहिरा में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को देखते हुए भारत ने शनिवार को अपने नागरिकों को मिस्र की यात्रा से बचने की सलाह दी।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, "मिस्र के हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अनावश्यक रूप से वहां की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।"
ज्ञात हो कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच शुक्रवार से जारी संघर्ष में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है।
पुलिस ने प्रदर्शन को कमजोर करने के लिए इस सप्ताह 1000 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है जबकि बड़ी संख्या में लोगों को लापता बताया गया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि काहिरा स्थित भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के लोगों से सम्पर्क में है। मंत्रालय के अनुसार "वहां लोगों को सुरक्षित बताया गया है।"
मंत्रालय ने बताया कि मिस्र में भारतीय मूल के करीब 3600 नागरिक हैं। इनमें से 2200 लोग काहिरा में हैं।
मिस्र स्थित भारतीय दूतावास में 24 घंटे सेवा देने वाला एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के नंबर 202-27360556, 202-27360052 और 202-27356168 हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications