बिहार में प्रदूषणमुक्त पर्यटन स्थल का शुभारम्भ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तांगे से 6.5 किलोमीटर का सफर तय कर घोड़ाकटोरा पहुंचे और वहां की झील में बोटिंग (नौका यात्रा) का लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र पूरी तरह प्रदूषणमुक्त रहेगा। उन्होंने कहा कि राजगीर के शांतिस्तूप के रोप-वे स्थल से साढ़े छह किलोमीटर की दूरी तक कोई भी मोटर वाहन नहीं चलेगा। यहां तक पहुंचने के लिए लोगों को साइकिल या तांगे की सवारी करनी होगी।
उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इस क्षेत्र की ओर अब फिल्म निर्माताओं का भी ध्यान आकर्षित होगा और वे यहां शूटिंग के लिए आएंगे। नीतीश ने कहा कि यहां लोग साइक्लिंग, तांगा की सवारी, बोटिंग तथा पर्वतारोहण का आनंद ले सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्षो से गुमनामी के अंधेरे में पड़े घोड़ाकटोरा में पर्यटन की असीम संभावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष इसके विकास की रूपरेखा तैयार की थी। चारों ओर पहाड़ियों से घिरा और बीच में झील होने के कारण यह स्थल अत्यंत मनोरम है।
इस मौके पर राज्य के पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू, खनन एवं भूतत्व मंत्री सत्यदेव आर्या समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications