मिस्र में सुरक्षा कारणों से सभी फुटबाल मैच स्थगित
काहिरा, 29 जनवरी (आईएएनएस)। मिस्र में चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों को देखते हुए मिस्र फुटबाल एसोसिएशन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शनिवार को सभी फुटबाल मैचों को स्थगित करने की घोषणा की।
समाचार एजेंसी एकेआई के मुताबिक फेडरेशन बोर्ड के सदस्य अयमान युनिस ने कहा कि सुरक्षा अधिकारियों ने फेडरेशन के पास औपचारिक पत्र भेजा है जिसमें सुपर लीग मुकाबलों को अगली सूचना तक स्थगित करने का आग्रह किया गया है।
युनिस ने कहा कि सुपरलीग मैचों की नई तिथियों की घोषणा सुरक्षा अधिकारियों से सलाह मशवरे के बाद की जाएगी।
मिस्र में पिछले तीन दिन से जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है तथा 1,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मिस्र में लगभग 30 वर्षो से सत्तारूढ़ हुस्नी मुबारक सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारी मुबारक के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मिस्र में बढ़ रहे भ्रष्टाचार, पुलिस की तानाशाही, गरीबी और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि से लोग खासे नाराज हैं।
सरकार ने शुक्रवार को पूरे मिस्र में इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया। काहिरा में शुक्रवार को इबादत के बाद पुलिस ओर प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प होने का समाचार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications