चीन की याओ चेन को 'माइक्रोब्लॉग क्वीन' का खिताब
बीजिंग, 29 जनवरी (आईएएनएस)। चीन की मशहूर टेलीविजन स्टार याओ चेन को 'माइक्रोब्लॉग क्वीन' के खिताब से नवाजा गया है। ट्विटर की तरह ही चीन की एक सोशल माइक्रोबॉलागिंग वेबसाइट पर चेन के 50 लाख से अधिक प्रशंसक मौजूद हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक सोशल माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट 'टी डॉट सिना डॉट काम डॉट सीएन/याओचेन' पर शुक्रवार को चेन के प्रशंसकों की संख्या 50 लाख तक पहुंच गई।
32 वर्षीया चेन को वर्ष 2006 में मशहूर कार्यक्रम 'माई ओन स्वार्ड्समैन' में बेहतरीन अभिनय के लिए काफी सराहा गया था। वर्ष 2008 में उन्होंने टेलीविजन सीरियल 'लर्क स्क्रीन्ड' में बेहतरीन अभिनय किया।
माइक्रोब्लॉगिंग सेवा देने वाली कम्पनी 'सिना डॉट काम डॉट सीएन' ने चेन को 'माइक्रोब्लॉग क्वीन' के खिताब से नवाजा है। वेबसाइट ने कहा है कि चेन ने वेबसाइट पर अपनी सच्ची भावनाओं को दर्शाया है जिससे उनके प्रशंसकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि याओ चेन के पास अमेरिकी टेलीविजन स्टार ओपराह विनफ्रे से भी अधिक प्रशंसक मौजूद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications