ईरान के परमाणु संयंत्र से अप्रैल में शुरू होगा उत्पादन
ईरानी टेलीविजन प्रेस टीवी के मुताबिक समाचार एजेंसी आईएसएनए को दिए साक्षात्कार में ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (एईओआई) के प्रमुख अली अकबर सलेही ने कहा कि संयंत्र का संचालन शुरू हो गया है और अब इसके अगले चरण की तैयारी की जा रही है।
सलेही ने कहा, "हमने लगातार इस बात को दोहराया है कि जल्दबाजी में बुशेर संयंत्र को शुरू करने के बजाय इसे सुरक्षित तरीके से शुरू करना ज्यादा महत्वपूर्ण है।"
ईरान के कार्यवाहक विदेश मंत्री का पद भी संभाल रहे सलेही ने कहा एईओआई द्वारा घोषित की गई समय सारणी के अनुसार डेढ़ महीने में संयंत्र से उत्पादन शुरू हो जाएगा और यह विद्युत तंत्र से जोड़ दिया जाएगा।
सलेही ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें कहा गया था कि कम्प्यूटर वार्म स्टक्नेट से बुशेर का कम्प्यूटर तंत्र प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर वार्म निजी कम्प्यूटरों पर प्रभाव डाल सकते हैं यह संस्थान के मुख्य तंत्र में प्रवेश नहीं कर सकते।
साइबर हमले के पीछे अमेरिका और इजरायल का हाथ होने का सवाल पूछे जाने पर उन्होंने लोगों की जान और स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले इस काम की साजिश रचने वालों की निंदा की।
उन्होंने कहा, "पश्चिमी देश लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के बारे में नहीं सोचते वह अपना उद्देश्य पूरा करने के लिए मानव समाज को किसी भी खतरे में डाल सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications