हुस्नी मुबारक का इस्तीफा देने से इंकार (लीड-1)

काहिरा, 29 जनवरी (आईएएनएस)। मिस्र में सरकार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक ने इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है। उन्होंने शुक्रवार देर रात अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों से इस्तीफा देने को कहा।

समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक मुबारक के शांति बनाए रखने के आग्रह के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन करना जारी रखा है और वे लगातार राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

राष्ट्र को 11 मिनट तक दिए गए अपने सम्बोधन में मुबारक ने कहा, "मैने मंत्रिमंडल के सदस्यों से इस्तीफा देने को कहा है।" उन्होंने कहा कि नए मंत्रिमंडल का गठन शनिवार को किया जाएगा।

सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षाबलों और लोगों के बीच हुई हुए झड़प में शुक्रवार को 13 लोग मारे गए। प्रदर्शनकारी लगातार मुबारक के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार को हिंसा के बाद प्रदर्शन के दौरान मरने वालों की संख्या 27 तक पहुंच गई है। मरने वालों में सुरक्षाबलों के तीन अधिकारी भी शामिल हैं।

प्रदर्शनकारियों से निपटने में पुलिस की मदद के लिए सेना की मदद ली जा रही है। सेना ने कई शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है। काहिरा, सूज और एलेक्जेंड्रिया में कर्फ्यू लगाया गया था लेकिन बाद में अन्य शहरों में भी कर्फ्यू लागू कर दिया गया।

काहिरा में प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और वे विदेश और सूचना मंत्रालय में भी दाखिल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने हुस्नी मुबारक की नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के मुख्यालय में भी काफी उत्पात मचाया और उसे आग के हवाले कर दिया।

मुबारक के सम्बोधन के समय प्रदर्शनकारी शनिवार तड़के सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोलों का प्रयोग किया।

मुबारक ने कहा कि वह निर्दोष लोगों के मारे जाने से काफी दुखी हैं।

मुबारक ने सीधे तौर पर कहा कि वह लोगों की भावनाओं को समझ रहे हैं। उन्होंने लोगों से गरीबी, बेरोजगारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सुधार करने का वादा किया।

सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान 1,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से टेलीविजन चैनल अल-अरबिया ने खबर दी है कि शुक्रवार को हुई झड़प में 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि हुस्नी मुबारक मिस्र की सत्ता पर करीब 30 वर्षो से काबिज हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+