'गांधी स्मृति' में शहीद दिवस पर होंगे कई कार्यक्रम
नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। गांधी स्मृति संग्रहालय में रविवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 63वीं पुण्यतिथि आयोजित करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। बापू को श्रद्धांजलि देने के लिए इस दिन देशभर में शहीद दिवस मनाया जाएगा।
पूर्व बिड़ला भवन जो अब सनातन गांधी मल्टीमीडिया संग्रहालय में परिवर्तित हो चुका है, यहां प्रार्थना सभा एवं अन्य विशेष कार्यक्रम के आयोजन की पूरी तैयारी है।
कार्यक्रम अधिशासी राजदीप पाठक ने आईएएनएस को बताया, "विभिन्न स्कूलों, अनाथालयों एवं गैर सरकारी संगठनों के लगभग 500 बच्चे शहीद दिवस पर गांधीजी को संगीतमय श्रद्धांजलि देंगे। विभिन्न कलाओं में निपुण करीब 50 बालिकाएं भी बापू को श्रद्धांजलि देंगी।"
उन्होंने कहा, "अंतर-श्रद्धा प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मो के लोग तथा आध्यात्मिक नेता भाग लेंगे।"
नवज्योति इंडिया फाउंडेशन स्कूल की छात्रा दिव्या सरिसिर (14) ने कहा, "रविवार के आयोजन के लिए हम यहां 12 दिनों से पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। हम प्रत्येक वर्ष यहां प्रस्तुति देते हैं। हमें गर्व है कि हमारे स्कूल को हर साल राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने का मौका मिलता है।"
उसने कहा, "हम गांधीजी के प्रिय गीत 'रघुपति राघव राजा राम', 'उठ जाग मुसाफिर' तथा 'साथी हाथ बढ़ाना' सहित कम से कम सात भजन प्रस्तुत करेंगे।"
मूलत: बिड़ला भवन के नाम से प्रसिद्ध इस इमारत में गांधी जी ने अपने जीवन के अंतिम 144 दिन गुजारे थे। यहीं 30 जनवरी, 1948 को उनकी हत्या कर दी गई थी। गांधी स्मृति अब राष्ट्रीय स्मारक है। इससे महात्मा गांधी की पुण्य स्मृतियां जुड़ी हुई हैं।
गांधी स्मृति की निदेशक मणिमाला ने कहा, "गांधीजी चाहते थे कि मानव श्रम का महत्व उजागर हो। यहां के कुटीर उद्योग में कोई भी कताई, बुनाई, कशीदाकारी और मिट्टी के बर्तन बनाना सीख सकता है। हमारा मकसद लोगों को अदृश्य भारत के दर्शन कराना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications