छात्र आत्महत्या मामले की जांच को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने शनिवार को रैगिंग के कारण सन्नी द्वारा आत्महत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पीएमसीएच के बाहर प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इधर, कॉलेज प्रशासन ने भी एक जांच समिति का गठन किया है।
एनएसयूआई ने पीएमसीएच के प्राचार्य कक्ष के सामने जमकर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई की प्रदेश अध्यक्ष शंभवी शांडिल्य ने कहा कि सरकार और पीएमसीएच प्रशासन रैगिंग की वजह से सन्नी के आत्महत्या मामले को दबाना चाहता है।
शांडिल्य ने आरोप लगाया कि पढ़ाई के तनाव के कारण सन्नी के आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि एनएसयूआई ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, पीएमसीएच प्रशासन ने सन्नी की आत्महत्या मामले की जांच के लिए समिति का गठन किया है। पीएमसीएच के प्राचार्य डा़ॅ एऩ पी़ यादव ने शनिवार को बताया कि मामले की छानबीन के लिए आठ सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को 10 दिन के भीतर रपट देने को कहा गया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पटना के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक भी सन्नी की आत्महत्या के मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिला और पुलिस प्रशासन ने सन्नी के कई दोस्तों से पूछताछ की है। साथ ही कॉलेज में सन्नी की उपस्थिति की भी जानकारी प्राप्त की गई है।
उल्लेखनीय है कि पीएमसीएच का छात्र सन्नी एक निजी लॉज में रहकर पढ़ाई करता था। सन्नी ने बुधवार रात लॉज के ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले की प्राथमिकी सुल्तानगंज थाने में दर्ज की गई है।
सन्नी के पिता कमलेश्वर कुमार ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ दिनों से कॉलेज के ही वरिष्ठ छात्र उसकी रैगिंग कर रहे थे। इससे वह बेहद परेशान हो था। इसी वजह सन्नी ने आत्महत्या कर ली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications