विदेशी मुद्राएं बरामद होने के बाद करमापा से पूछताछ जारी (लीड-1)
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यहां से 10 किलोमीटर दूर सिद्धबाड़ी में करमापा के मठ में शुक्रवार रात को उनसे पूछताछ की गई। शनिवार को पुलिस उनका बयान दर्ज कर सकती है।
तिब्बती बौद्ध अनुयायी करमापा को करमा काग्यू का 17 वां अवतार मानते हैं। वह दलाई लामा और पांचेन लामा के बाद तीसरे सर्वोच्च संत माने जाते हैं। करमापा शनिवार सुबह की प्रार्थना में शामिल नहीं हो सके।
ग्युतो तांत्रिक मठ में पिछले कुछ साल से अपने अनुयायियों के साथ रह रहे करमापा इमारत की ऊपरी मंजिल पर हैं यहां पुलिस अधिकारियों की भीड़ मौजूद है। प्रशासन ने उन्हें नजरबंद किए जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मठ के परिसरों में मौजूद विभिन्न दफ्तरों में छापे की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रोटोकॉल के नियमों का पालन कर रही है।
धूमल ने पत्रकारों से कहा, "हमने केंद्र सरकार को इस मामले से अवगत कराया है। वह इस मामले की जांच कर रही है। हम प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि वह एक फरवरी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे।
धूमल ने कहा, "यह एक गंभीर मसला है और यह प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा के लिए भी खतरा है।"
पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने मठ से सात करोड़ रुपये की भारतीय और विदेशी मुद्राएं बरामद की हैं।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डी. एस. मन्हास ने कहा, "अमेरिकी डॉलर, चीनी युआन, हांग कांग डॉलर, ताइवान और अन्य देशों सहित करीब 25 देशों की मुद्राएं बरामद की गई हैं।"
करमापा के प्रशासनिक कार्यालय ने एक बयान में कहा, "पवित्र करमापा को विश्व के हजारों लोगों का प्यार और विश्वास प्राप्त है। पूरी तरह से पारदर्शी वित्तीय सेवाओं के जरिए जन सेवा करने का हमारा लंबा इतिहास रहा है।"
बयान में कहा गया, "हम प्रेस और जनता को सभी सवालों के जवाब देंगे लेकिन फिलहाल हम मौजूदा जांच प्रक्रिया में सहयोग करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आपसे विनम्रता पूर्वक अनुमति चाहेंगे।"
ऊना जिले के मेहतपुर में दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मठ पर छापे की कार्रवाई की है। इन लोगों के पास से एक करोड़ रुपये बरामद हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications