शेयर बाजारों में रही भारी गिरावट (साप्ताहिक समीक्षा)
इस हफ्ते बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 611.56 अंक (3.22 फीसदी) की गिरावट के साथ 18,395.97 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 19,007.53 अंक पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 184.35 अंक (3.23 फीसदी) की गिरावट के साथ शुक्रवार को 5,696.5 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार का रुझान भी नकारात्मक रहा। बीएसई मिडकैप में इस इफ्ते 4.08 फीसदी और बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में इस हफ्ते 4.47 फीसदी की गिरावट रही।
सेंसेक्स में इस हफ्ते सिर्फ पांच शेयरों में तेजी रही। एसबीआई 3.5 फीसदी की तेजी के साथ 2,618.55 रुपये पर, एनटीपीसी 1.2 फीसदी तेजी के साथ 191.80 रुपये पर, रिलायंस इंफ्रा 0.90 फीसदी तेजी के साथ 724.20 रुपये पर टाटा स्टील 0.70 फीसदी तेजी के साथ 635.90 रुपये पर और ओएनजीसी 0.1 फीसदी तेजी के साथ 1,135.60 रुपये पर बंद हुए।
सेंसेक्स में सर्वाधिक गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में डीएलएफ 12.2 फीसदी की गिरावट के साथ 223.10 रुपये पर, हिंदुस्तान युनीलीवर 9.5 फीसदी गिरावट के साथ 272.45 रुपये पर, एमएंडएम आठ फीसदी गिरावट के साथ 696.85 रुपये पर और हीरो होंडा 7.1 फीसदी गिरावट के साथ 1,657.45 रुपये पर बंद हुए।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इस हफ्ते 16.16 करोड़ डॉलर मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखा गया। रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स द्वारा जापानी अर्थव्यवस्था की नकारात्मक रेटिंग किए जाने के कारण कारोबारियों में अधिक उत्साह नहीं दिखा।
साप्ताहिक कारोबार में जापान का निक्के ई सूचकांक 0.84 फीसदी तेजी के साथ 10,360.34 अंक पर जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 1.38 फीसदी तेजी के साथ 2,752.75 अंक पर बंद हुए।
हांगकांग के हैंगसैंग में 1.09 फीसदी की गिरावट रही और यह 23,617.02 अंक पर बंद हुआ।
यूरोप के महत्वपूर्ण शेयर बाजारों के सूचकांकों का भी प्रदर्शन फीका रहा। ब्रिटेन के एफटीएसई 100 में 0.25 फीसदी की गिरावट रही और यह 5,881.37 अंक पर जबकि फ्रांस के सीएसी 40 सूचकांक में 0.38 फीसदी की गिरावट रही और यह 4,002.32 अंक पर बंद हुआ।
जर्मनी के डीएएक्स में हालांकि 0.57 फीसदी की तेजी रही और यह 7,102.8 अंक पर बंद हुआ।
अमेरिकी शेयर बाजार में भी मिस्र की अस्थिरता के कारण उत्साह की कमी देखी गई। कारोबारियों में मिस्र की अस्थिरता के कारण स्वेज नजर के बंद होने और इसके कारण तेल की कीमत बढ़ने का डर बना रहा।
डाउ जोंस इंडस्ट्रियल इंडेक्स में 0.41 फीसदी की गिरावट रही और यह 11,823.7 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 में 0.55 फीसदी की गिरावट रही और यह 1,276.34 अंक पर बंद हुआ।
नास्डाक सूचकांक 0.1 फीसदी गिरावट के साथ 2,686.89 पर बंद हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications