बिहार के विद्यार्थियों को मिलेगा 'हेल्थ कॉर्ड'
पटना, 28 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार सरकार राज्य के सभी विद्यालय के विद्यार्थियों को 'हेल्थ कार्ड' मुहैया कराएगी, जिसके तहत उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में शुक्रवार को कहा कि सरकार जल्द ही राज्य के छह से 14 वर्ष उम्र के करीब दो करोड़ विद्यार्थियों को हेल्थ कार्ड जारी करेगी। इस कार्ड में उन बच्चों के नियमित स्वास्थ्य का विवरण एवं उनके इलाज का ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
पटना में स्वास्थ्य चेतना यात्रा के तहत 'स्वास्थ्य चेतना यात्रा रथ' को हरी झंडी दिखाने के पूर्व गांधी मैदान में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराना है।
उन्होंने कहा कि हेल्थ कार्ड देने की शुरुआत 22 मार्च को बिहार दिवस के मौके पर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए राज्य के मानव संसाधन विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर काम करेंगे।
इस मौके पर राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सहित राज्य के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications