करमापा के मठ से 6 करोड़ रुपये की मुद्रा जब्त
धर्मशाला, 28 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने तीसरे सबसे महत्वपूर्ण तिब्बती आध्यात्मिक गुरु 17वें करमापा उग्येन त्रिनले दोरजी के मठ पर शुक्रवार को दोबारा छापा मारा। शहर के बाहरी इलाके में स्थित करमापा के मठ से पुलिस ने करीब छह करोड़ रुपये की अनाम भारतीय और विदेशी मुद्राएं जब्त कीं।
पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक एस.आर. मार्डी ने आईएएनएस को बताया, "हमने केंद्र सरकार की जांच एजेंसियों के साथ ग्यूटो तांत्रिक मठ के परिसर में स्थित कार्यालयों पर छापे मारे। कार्यालयों पर छापे का यह दूसरा दिन है। यहां से छह करोड़ रुपये की विदेशी और भारतीय मुद्राएं जब्त की गई हैं।"
उन्होंने कहा कि बरामद विदेशी मुद्राओं में चीनी युआन, अमेरिका और हांग कांग का डॉलर सहित यूरो शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया, "यहां से 53 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।"
ज्ञात हो कि पुलिस ने ऊना जिले के मेहतपुर से दो लोगों को गिरफ्तार करने के बाद बुधवार को सिद्धबारी स्थित करमापा मठ पर छापा मारा। पुलिस ने यहां से अनाम एक करोड़ रुपये जब्त किया।
पुलिस का मानना है कि कांगड़ा जिले के धर्मशाला में 'अवैध' भूमि कारोबार में इस राशि का इस्तेमाल होना था। इस कारोबार में करमापा का सहयोगी रूग्बी चोसंग शामिल है।
मठ का वित्तीय कामकाज देखने वाले चोसंग को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। ऊना की अदालत ने उसे नौ दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications