'शैम' विश्वविद्यालय के भारतीय छात्रों ने शुरू किया अभियान
वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। कैलीफोर्निया के 'शैम' विश्वविद्यालय को बंद किए जाने के बाद सैकड़ों भारतीय छात्रों ने स्वदेश वापसी की सम्भावना को देखते हुए अमेरिकी अधिकारियों से मदद हासिल करने के लिए एक अभियान शुरू किया है।
सिलिकॉन वैली के इस ट्राई-वैली विश्वविद्यालय (शैम विश्वविद्यालय) के 95 फीसदी छात्र भारतीय हैं, जिसमें से अधिकांश आंध्र प्रदेश के हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने पैसे लेकर छात्र वीसा बेचने के आरोप में विश्वविद्यालय पर ताला लगा दिया।
छात्रों ने गृह सुरक्षा मंत्रालय में याचिका लगाई है कि छात्रों या उनके परिवार को दंडित नहीं किया जाए। इससे उनके परिवार और गांव/शहर की बदनामी होगी।
याचिका में लिखा गया है कि इससे उनका नाम, शाख, धन, आदि का नुकसान होगा और उनका भविष्य बर्बाद हो जाएगा। याचिका की एक प्रति तेलुगू एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (टीएएनए) पर भी लगाई गई है।
टीएएनए ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि प्रभावित छात्रों को दूसरे संस्थानों में दाखिला लेने का अवसर प्रदान किया जाए।
इस बीच विश्वविद्यालय के 35 छात्रों ने गुरुवार को सान फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्यदूत सुष्मिता गांगुली थॉमस से मुलाकात की और कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है।
थॉमस ने कहा कि उन्होंने इस बारे में अमेरिकी सरकार से ताजा वस्तुस्थिति की जानकारी मांगी है।
अमेरिका सरकार ने पिछले सप्ताह विश्वविद्यालय के खिलाफ कैलीफार्निया की अदालत में शिकायत दाखिल की थी।
शिकायत के मुताबिक छात्र वहां विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिल हैं। कागजी तौर पर वे कैलीफोर्निया में रहते हैं, लेकिन वास्तविक तौर पर गैरकानूनी रूप से वे मैरीलैंड, वर्जीनिया, पेंसिल्वेनिया, टेक्सास, आदि जगहों पर रोजगार में लगे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications