'कश्मीर में इस साल 10 लाख पर्यटकों का लक्ष्य'
इसके साथ ही पिछले साल गर्मियों में हिंसा भड़कने के कारण पर्यटकों की संख्या घटने के लिए राज्य सरकार ने मीडिया को जिम्मेदार ठहराया है।
पर्यटन और संस्कृति मंत्री नवांग रिगजिन ने मीडिया को दोषी ठहराते हुए आईएएनएस से कहा कि सभी पर्यटन केंद्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। पिछले साल मीडिया ने टीआरपी बढ़ाने के लिए खबरों को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया।
रिगजिन यहां तीन दिवसीय दक्षिण एशिया परिवहन एवं पर्यटन एक्स्पो में शामिल होने आए हैं। एक्स्पो शुक्रवार से ही शुरू हुआ।
मंत्री ने कहा कि कश्मीर में विभिन्न जगहों पर रोड शो और प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं और यह बताने की कोशिश की जा रही है कि कश्मीर पर्यटन के लिहाज से पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल 7,36,000 पर्यटक कश्मीर आए। इसके अलावा 4,50,000 तीर्थयात्रियों ने कश्मीर की यात्रा की। बाढ़ के बावजूद लद्दाख में 77,000 पर्यटक आए। विदेशी पर्यटकों की संख्या 23,000 रही। इस साल और अधिक पर्यटकों के आने का अनुमान है।
राज्य ने इस साल 10 लाख पर्यटकों के आने का लक्ष्य रखा है।
श्रीनगर में हाउस बोट मालिकों के एक संगठन के अध्यक्ष मंजूर अहमद वांगनू ने आईएएनएस से कहा कि अप्रैल तक सभी हाउस बोट की बुकिंग हो चुकी है।
पर्यटन कश्मीर का एक प्रमुख उद्योग है, जो पिछले दो दशकों में उग्रवाद के कारण अत्यधिक प्रभावित हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications