अहमदाबाद में निर्माणाधीन इमारत गिरी, 5 की मौत (लीड-2)
अधिकारियों ने बताया कि छह लोगों की हड्डियां टूटी हैं, उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया है जबकि सात लोगों का अन्य अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
घनी आबादी वाले पुराने शहर कालूपुर क्षेत्र में 'प्रसीडेंट' नाम की इमारत का निर्माण अवैध तरीके से कराया जा रहा था। शुक्रवार सुबह यह इमारत अपने समीप स्थित दो पुरानी आवासीय भवनों पर गिरी। इस दौरान दो अन्य लोग भी घायल हुए।
अग्निशमन विभाग के अतिरिक्त मुख्य अधिकारी राजेश भट्ट ने बताया, "अग्निशमन कर्मियों ने मलबे से पांच शवों को बाहर निकाला और एक दर्जन से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। घायलों में अग्निशमन विभाग का एक स्वयंसेवक भी है। घायलों को वी.एस. निगम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
घटना सुबह करीब 7.30 बजे हुई। इस समय कई लोग सो रहे थे। यहां रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "इमारत को जाहिर तौर पर एक पुराने मकान पर बनाया गया था और इसकी गलत नींव डालने की वजह से इमारत एक तरफ झुकी हुई थी।"
निगम के एक अधिकारी ने बताया, "इन इलाकों में मरम्मत के नाम पर काफी संख्या में अवैध इमारतों का निर्माण हुआ है। इस पर निगरानी रखना काफी मुश्किल है।"
घुमावदार गलियों और संकीर्ण रास्तों के चलते अग्निशमन कर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
नगर निगम के आयुक्त आई.पी. गौतम ने इस मामले की जांच मुख्य अभियंता से कराने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, "इस घटना के लिए सम्बंधित ठेकेदार जिम्मेदार है। ठेकेदार को उन लोगों को मुआवजा देना पड़ेगा जिनके घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications