उत्तर भारत में रात में सर्दी बरकरार (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश में लखनऊ सहित विभिन्न हिस्सों में दिन में धूप का असर बढ़ने लगा है, जिससे अब लोगों ने दिन में गर्म कपड़ों से तौबा कर ली है। प्रदेश में अब सिर्फ रातें ही सर्द हो रही हैं।
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है, जबिक बरेली का 8.0, इलाहाबाद का 10.0 और वाराणसी का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम यथावत रहेगा। इसमें ज्यादा बदलाव आने की संभावना कम है।
कश्मीर घाटी में शुक्रवार को भी तेज सर्दी का असर बना रहा। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और लद्दाख क्षेत्र के लेह में यह शून्य से 18.6 डिग्री नीचे रहा। मौसम विज्ञानियों ने समूची घाटी में हल्की बारिश और हिमापात की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और गुलमार्ग में यह शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि श्रीनगर में शुक्रवार को तापमान शून्य से 3.2 सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया ,जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
अधिकारी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण समूची घाटी में शनिवार तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार लद्दाख क्षेत्र के लेह में तापमान शून्य से 18.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया और कारगिल में यह शून्य से 10.8 डिग्री नीचे रहा।
गीष्मकालीन राजधानी जम्मू में शुक्रवार को तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के इस समय के लिए सामान्य से दो डिग्री कम है।
जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग नम्बर-1ए बुधवार को पर एक तरफ के यातायात के लिए खुला रहा। वाहनों को सिर्फ जम्मू से श्रीनगर आने की इजाजत दी गई।
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से और बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इससे सर्द हवाओं का असर बढ़ने की उम्मीद है।
शिमला में मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में 29 और 30 जनवरी को हल्के से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।"
उन्होंने बताया कि कैस्पियन सागर से उठने वाला पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र के ऊपर से गुजर रहा है। जिसे इस इलाके में सक्रिय होने की संभावना है।
सिंह ने बताया, "कुछ पहाड़ी इलाकों जैसे कि कुफरी, फागू, नरकांडा, कालपा, संगला, डलहौजी और मनाली में हल्की बर्फबारी हो सकती है।"
मौसम विभाग के निदेशक के अनुसार ऊंचाई वाले इलाके मसलन लाहौल एवं स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा में मध्यम हिमपात की उम्मीद है।
राजधानी शिमला में शुक्रवार को तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि किन्नौर जिले के कालपा में यह शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इसके अलावा भूंतार में तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और धर्मशाला में यह 2.3 डिग्री रहा।
लाहौल एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में तापमान शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications