एक रसोई से निकले व्यापारिक फार्मूले की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में धूम

चंडीगढ़, 28 जनवरी (आईएएनएस)। तीन दशक पहले पंजाब में एक गृहणि की रसोई में जन्मा व्यापार का एक फार्मूला मौजूदा समय में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में धूम मचा रहा है।

जब इस व्यापारिक फार्मूले के ग्राहकों में मैक्डोनाल्ड्स, पिज्जा हट, बरिस्ता और कैफे काफी डे जैसे प्रतिष्ठान शामिल हों तो आप इसकी सफलता का अंदाजा सहज ही लगा सकते हैं।

रजनी बेक्टर (62) के दिमाग की उपज, क्रीमिका उत्पादों की शुरुआत हस्त निर्मित आइसक्रीम के साथ हुई थी। शुरू में यह उनका शौक था और मित्रों तथा स्थानीय ग्राहकों के लिए वह इसे बनाती थीं। धीरे-धीरे उन्होंने अन्य खाद्य उत्पाद भी बनाने शुरू किए। आज उनके उत्पादों के अंतर्राष्ट्रीय ग्राहकों की एक लम्बी सूची है।

पंजाब के औद्योगिक केंद्र, लुधियाना की पहली महिला उद्यमी रजनी बेक्टर के क्रीमिका उत्पाद न केवल भारतीय लोगों के लिए पसंदीदा हैं, बल्कि ये उत्पाद पश्चिमी देशों में प्रमुख स्टोर्स में भी सुलभ हैं।

कम्पनी के अधिकारियों ने बताया कि यह उपक्रम 1978 में शुरू हुआ था और मौजूदा वित्त वर्ष में इसकी वार्षिक बिक्री पांच अरब रुपये तक पहुंचने की सम्भावना है। कम्पनी के व्यापार में प्रति वर्ष लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि हो रही है।

क्रीमिका के पके-पकाए भोजन, चटनियां और नमकीन, ब्रिटेन और कनाडा में जोरदार कारोबार कर रहे हैं। अब तक के परिणाम से उत्साहित कम्पनी, अब कुछ अन्य नए अंतर्राष्ट्रीय बाजारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

रजनी बेक्टर के बेटे कम्पनी के प्रबंध निदेशक अक्षय बेक्टर ने कहा, "हम स्नैक्स, नमकीन, चटनी और बिस्किट्स कनाडा को निर्यात कर रहे हैं। कनाडा में हमारे व्यापार की शुरुआत कनाडा की सबसे बड़ी खुदरा श्रृंखला के जरिए हुई थी और उसका विपणन ब्लूम द्वारा किया जा रहा है।"

अक्षय ने कहा, "हमारे उत्पाद लोबलाज की स्टोर्स में उपलब्ध हैं। हमारी नमकीन काफी चर्चित हो चुकी है और खासतौर से भारतीय समुदाय में इसकी जोरदार मांग है। हमें खासतौर से इस उत्पाद में व्यापार की अपार सम्भावना दिखाई दे रही है।"

अक्षय इस बात को एक बड़ी उपलब्धि मानते हैं कि किसी भारतीय कम्पनी द्वारा निर्मित उत्पाद को कनाडा के एक सबसे बड़े स्टोर्स श्रृंखला ने पसंद किया है। उत्पादों में भुजिया, मूंग दाल, चटपट नींबू, पंचरत्न,और अन्य नमकीन शामिल हैं।

क्रीमिका ने अपने रेडी-टू-ईट उत्पादों की बिक्री के लिए पिछले वर्ष ब्रिटेन के एक प्रमुख खुदरा प्रतिष्ठान के साथ करार किया था।

अक्षय के अनुसार, "हमने ब्रिटेन के एक खुदरा प्रतिष्ठान के साथ करार किया है। हम ब्रिटेन के मानकों और आकांक्षाओं के अनुरूप रेडी-टू-ईट चावल भी बना रहे हैं, जिसे बनाना जाहिर तौर पर बहुत कठिन है।"

कम्पनी के अधिकारियों के अनुसार क्रीमिका समूह का निर्यात कारोबार लगभग 85 से 90 करोड़ रुपये का है और आने वाले महीनों में इसमें 25 प्रतिशत इजाफा होने की उम्मीद है।

नमकीन के अलावा क्रीमिका अन्य कई उत्पाद भी बनाती है। इसमें आइसक्रीम, बिस्किट, ब्रेड, चटनियां, मेयोनेज, जैम, सलाद ड्रेसिंग, ब्रेड स्प्रेड्स और मसाले शामिल हैं।

कम्पनी, मैक्डोनॉड्स, पिज्जा हट, बरिस्ता और कैफे काफी डे, भारतीय रेल, रिलायंस, पापा जॉन्स, संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम और जेट एयरवेज जैसे प्रतिष्ठानों को भी अपने उत्पादों की आपूर्ति करती है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+