इवीएम तकनीकी दल को पाकिस्तान भेजेगा चुनाव आयोग
नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। भारत का चुनाव आयोग इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (इवीएम) का प्रदर्शन करने के लिए एक तकनीकी दल पाकिस्तान भेजने के लिए तैयार हो गया है। आयोग ने यह कदम पाकिस्तान चुनाव आयोग के अनुरोध के बाद उठाया है। पाकिस्तान के अलावा नेपाल, भूटान, थाईलैंड, अफगानिस्तान, मेक्सिको, उजबेकिस्तान, इथोपिया, अमेरिका और रूस ने चुनाव आयोग से चुनावी प्रबंधन में सहयोग की मांग की है।
आयोग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार पाकिस्तान में चुनाव आयोग का तकनीकी दल भेजने का निर्णय नई दिल्ली में तीन सदस्यों वाले आयोग की द्विपक्षीय बैठक के दौरान हुआ। भारत की ओर से आयोग का नेतृत्व मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. एस.वाई. कुरैशी और पाकिस्तानी शिष्टमंडल का नेतृत्व वहां के मुख्य चुनाव आयुक्त न्यायाधीश हामिद अली मिर्जा ने किया।
पाकिस्तान के अनुरोध पर इवीएम का निर्माण करने वाली कम्पनियों भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड (बीइएल) और इलेक्ट्रानिक्स कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (इसीआईएल) का एक दल अगले महीने पाकिस्तान जाएगा।
ज्ञात हो कि पाकिस्तान चुनाव आयोग अपने यहां चुनावों में इवीएम का इस्तेमाल प्रमुखता से करने की सोच रहा है। भारतीय चुनाव आयोग की चुनाव प्रबंधन में उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए न्यायाधीश मिर्जा ने दोनों देशों के आयोगों के बीच करीबी सहयोग की इच्छा जताई।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुरुआत किए जाने के बाद पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, थाईलैंड, अफगानिस्तान, मेक्सिको, उजबेकिस्तान, इथोपिया, अमेरिका और रूस के चुनाव आयोगों ने चुनाव आयोग से मिलकर उसका समर्थन और चुनावी प्रबंधन में परस्पर सहयोग की मांग की। उल्लेखनीय है कि हाल ही में चुनाव आयोग की हीरक जयंती समारोह में 30 से अधिक चुनाव प्रबंधन इकाइयों और सम्बंधित अंतर्राष्ट्रीय संगठनों ने शिरकत की थी।
बयान के अनसुार भारतीय इवीएम प्रणाली का पहले से इस्तेमाल कर रहे नेपाल ने आयोग से अपनी सेवाओं का विस्तार करने का अनुरोध किया है। नेपाल के मुख्य चुनाव आयुक्त नील कंठ उप्रेती ने सहमति पत्र पर शीघ्र हस्ताक्षर करने के लिए चुनाव आयोग से अनुरोध किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications