एनसीसी में कैडेटों की संख्या 2 लाख बढ़ेगी : प्रधानमंत्री
एनसीसी की एक रैली में प्रधानमंत्री ने कैडटों को सम्बोधित करते हुए कहा, "राष्ट्रीय कैडेट कोर के अच्छे कार्यो को देखते हुए मुझे यह बताने में खुशी हो रही है कि सरकार ने अधिकृत कैडटों की संख्या 13 लाख से बढ़ाकर 15 लाख करने की मंजूरी दी है।"
ज्ञात हो कि एनसीसी कैडेट वार्षिक गणतंत्र दिवस शिविर में भाग लेने के लिए पिछले एक महीने से नई दिल्ली में हैं। इन्होंने बुधवार को राजपथ पर सम्पन्न देश के 62वें गणतंत्र दिवस परेड में एक दस्ते के रूप में मार्च किया।
एक स्वयंसेवी संगठन के रूप में एनसीसी कैडटों की संख्या में बढ़ोतरी किए जाने से देश भर में पांच नए समूह मुख्यालयों और स्कूलों एवं विद्यालयों में 40 नई इकाइयों का इजाफा होगा।
एनसीसी अगले पांच वर्षो में महिला कैडटों की संख्या वर्तमान 24 प्रतिशत से बढ़ाकर 33 प्रतिशत करने की योजना बना रहा है।
एनसीसी को राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, देशभक्ति की सेवा और समूह कार्य के मूल्यों का 'एक गर्व का प्रतीक' बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवा पुरुषों और महिलाओं को भविष्य का अनुशासित और देशभक्त नेतृत्वकर्ता बनाने के लिए वह इस संस्था की प्रशंसा करते हैं।
उन्होंने कहा, "मैंने कई देशों की यात्राएं की हैं लेकिन मैं मुश्किल से ऐसे युवा पुरुषों और महिलाओं से मिला हूं जो भारत के युवा पुरुषों और महिलाओं की तरह भविष्य के प्रति आशावान, जानकारियों से युक्त, जोश और मूल्यों से ओतप्रोत हों।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications