उप्र में आरटीआई कार्यकर्ताओं ने की सुरक्षा की मांग
लखनऊ, 28 जनवरी (आईएएनएस)। सूचना के अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता पर हमले के विरोध में उत्तर प्रदेश के कई समाजिक संगठनों ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रदर्शन कर सरकार से आरटीआई कार्यकर्ताओं की पर्याप्त सुरक्षा की मांग की।
प्रदेश आरटीआई परिषद के सदस्य देवदत्त शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, "हम आरटीआई कार्यकर्ता अमरनाथ पांडे पर हुए हमले की भर्त्सना करते हैं और राज्य सरकार से मांग करते हैं कि घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।"
उन्होंने कहा कि इस हमले ने उन लोगों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है जो आरटीआई का प्रयोग कर बेईमान अफसरों को बेनकाब कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि मंगलवार को पांडे पर सोनभद्र में गोली चलाई गई थी। बाल-बाल बचे पांडे ने एक खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पांडे का आरोप है कि आईटीआई का प्रयोग कर महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत चल रहे कार्यो में हुए भ्रष्टाचार को उजागर करने के कारण उन पर हमला करवाया गया।
अखिल भारतीय सूचना का अधिकार जारूकता मंच के बैनर तले लखनऊ के शहीद स्मारक पर समाजसेवियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार को मूकदर्शक नहीं बने रहना चाहिए तथा इस घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश तुरंत देने चाहिए।
राष्ट्रीय आरटीआई फोरम की सदस्य नूतन ठाकुर ने कहा, "यह चौंकाने वाली घटना है। अगर सरकार हमारी मांगों पर गौर नहीं करती है तो आने वाले दिनों में हम प्रदेश के कोने-कोने में विरोध प्रदशर्न करेंगे।"
वहीं सोनभद्र पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यह मामला आपसी रंजिश से प्रेरित भी हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications