मिस्र में प्रदर्शन जारी, विपक्षी नेता गिरफ्तार
विरोध प्रदर्शनों में अब तक सात लोगों को जान गंवानी पड़ी है। पुलिस ने अब तक करीब 1,000 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मुस्लिम ब्रदरहुड द्वारा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने की घोषणा किए जाने के बाद विपक्षी दल के नेताओं को गिरफ्तार किया गया।
उत्तरी सिनाई में बीती रात फिर से प्रदर्शन शुरू हो गया और हिंसक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से दो और लोगों की मौत हो गई। गुरुवार तक विरोध प्रदर्शनों में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर सात हो गई।
प्रदर्शनकारी पिछले 30 वर्षो से शासन कर रहे राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक को हटाने और लोकतंत्र स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। अब तक करीब 1,000 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मिस्र में गुरुवार रात से इंटरनेट सेवाएं ठप्प हैं और राजधानी काहिरा में सरकारी, अमेरिकी दूतावास, अंतर्राष्ट्रीय समाचार, सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट सहित कुछ वेबसाइट्स बंद हैं।
मोबाइल फोन पर संदेश भेजने की सुविधा को भी बंद कर दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों में ट्यूनीशिया में भारी जनप्रदर्शनों के बाद राष्ट्रपति जैनुल आबेदीन अली बेन के देश छोड़कर जाने के बाद अपने आंदोलन से सफलता की उम्मीद जगी है।
उधर, सरकार का कहना है कि अब और विरोध प्रदर्शनों को बर्दास्त नहीं किया जाएगा लेकिन विपक्ष ने काहिरा सहित अन्य बड़े शहरों में शुक्रवार की नमाज के बाद लोगों से प्रदर्शनों में हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
मिस्र में विपक्षी दल के नेता और नोबेल पुरस्कार विजेता अल बारादेई गुरुवार को काहिरा पहुंचे। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के पूर्व प्रमुख बारादेई ने मुबारक को हटाकर नई सरकार के गठन का संकेत दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications