हिमाचल में सर्द हवाएं तेज होने की संभावना
शिमला में मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में 29 और 30 जनवरी को हल्के से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।"
उन्होंने बताया कि कैस्पियन सागर से उठने वाला पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र के ऊपर से गुजर रहा है। जिसे इस इलाके में सक्रिय होने की संभावना है।
सिंह ने बताया, "कुछ पहाड़ी इलाकों जैसे कि कुफरी, फागू, नरकांडा, कालपा, संगला, डलहौजी और मनाली में हल्की बर्फबारी हो सकती है।"
मौसम विभाग के निदेशक के अनुसार ऊंचाई वाले इलाके मसलन लाहौल एवं स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा में मध्यम हिमपात की उम्मीद है।
राजधानी शिमला में शुक्रवार को तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि किन्नौर जिले के कालपा में यह शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इसके अलावा भूंतार में तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और धर्मशाला में यह 2.3 डिग्री रहा।
लाहौल एवं स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में तापमान शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications