'राजनीतिक संकट से उबर जाएगा नेपाल'
कोलकाता, 28 जनवरी (आईएएनएस)। नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव ने शुक्रवार को विश्वास व्यक्त किया कि उनका देश लम्बे समय से जारी राजनीतिक संकट से सफलतापूर्वक उबर जाएगा।
यादव ने यहां कलकत्ता मेडिकल कॉलेज के 177वें स्थापना दिवस समारोह के इतर मौके पर मीडियाकर्मियों से कहा, "सबकुछ ठीक चल रहा है। हम शांति प्रक्रिया में हैं। यदि कोई समस्या होगी भी, तो हम उससे उबर जाएंगे।"
ज्ञात हो कि यादव पूर्व चिकित्सक रहे हैं और उन्होंने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज से अपनी चिकित्सा की उपाधि हासिल की थी। उसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई चण्डीगढ़ स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च से की थी।
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के इस्तीफे के बाद, सात महीने से भी अधिक समय से नेपाल में राजनीतिक संकट बना हुआ है। नेपाली संसद 16 चक्र के चुनाव बाद भी नया प्रधानमंत्री चुन पाने में विफल रही है।
अब तीन फरवरी को प्रधानमंत्री पद के लिए नए सिरे से चुनाव होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications