मिर्चपुर आंदोलन से सड़क, रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित

जींद में आज भी मिर्चपुर आंदोलन जारी रहा। जींद में चल रहे आंदोलन की आग में सिरसा डिपो व रेलवे भी झुलस रहा है। रोडवेज व रेलवे को आंदोलन के चलते प्रतिदिन लाखों का नुकसान हो रहा है। मिर्चपुर कांड के आरोपियों को हिसार जेल से दिल्ली स्थानांतरिक करने के विरोध में जाट समुदाय के लोग जींद में आंदोलित है। उन्होंने रेल व सड़क यातायात बाधित कर रखा है।
हिसार तक ही चलीं बसें
सिरसा से दिल्ली जाने वाली लगभग 34 बसें महज हिसार तक ही जा रही है। सिरसा से चंडीगढ़ जाने वाली बसों का भी रूट बदलकर वाया पंजाब कर दिया है जिस कारण सवारियां कम मिल रही है तथा रोडवेज को घाटा हो रहा है। गत दिवस दिल्ली जाने वाली बसें जींद में रोक दी गई थी जिस कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। अप्रिय घटना न हो जाएगा, इसके चलते रोडवेज ने किसी भी रूट पर बसों को नहीं चलाया। आंदोलनकारियों ने जींद-रोहतक रूट को गतौली व गोसाईखेड़ा तथा जींद-पटियाला मार्ग पर बेलरखां के पास सड़क मार्ग जाम किया।
रोडवेज बसें न चलने से आम आदमी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाहर काम करने वाले लोग अब नहीं जा पा रहे हैं। रोडवेज महाप्रबंधक एमएस खर्ब के अनुसार पहले तो जींद-हिसार, जींद-बरवाला रूट बंद थे, जिसके चलते बसों को अन्य रूटों पर भेजा जा रहा था और किलोमीटर कम होने व यात्री बढऩे से रोडवेज की आमदनी बढ़ रही थी, लेकिन पिछले तीन दिन से रोडवेज को भी नुकसान होना शुरू हो गया है। आंदोलनकारियों ने जींद-भिवानी, जींद-बरवाला, जींद-हिसार रूट, जींद-गोहाना, जींद-रोहतक, नरवाना-पटियाला मार्ग बंद कर दिया, जिस कारण रोडवेज को प्रतिदिन 53 हजार किलोमीटर का नुकसान हुआ है। रोडवेज की सेवाएं बंद होने से जींद डिपो को 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
रेलमार्ग भी हुआ प्रभावित
उधर विरोध व तोडफ़ोड़ की आशंका को देखते हुए सिरसा-दिल्ली किसान एक्सप्रेस भी बंद कर दी गई है। इसी प्रकार बठिंडा से रेवाड़ी जाने वाली गाडिय़ां भी बाधित हो रही हैं। अब भिवानी से दिल्ली के बीच ही गाडिय़ां चल रही हैं जिस कारण यात्री परेशान है। रेल गाडिय़ां बंद होने के कारण दोनों ही विभाग को प्रतिदिन लाखों का नुकसान हो रहा है।
आंदोलनकारियों ने जींद-फिरोजपुर के साथ-साथ जींद-पानीपत रेलमार्ग को भी ठप कर दिया। इस कारण जींद-पानीपत रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी हुई। आंदोलनकारियों ने सिवाहा गांव के पास स्थित गेट नंबर-7 पर पेड़ आदि गिराकर धरने पर बैठ गए, जिस कारण 1 बजकर 50 मिनट पर जींद पहुंचने वाली 54007 ट्रेन को पिल्लूखेड़ा में रोक दिया गया।
इसके बाद ट्रेन को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा पानीपत से जींद आने वाली 54009 तथा जींद से पानीपत जाने वाली 54050 को रद्द कर दिया गया। इसके अलावा जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली 54034, 54038, 54039, 54040, 54041, 54042, 54047, 54048, दिल्ली से जाखल जाने वाली 54035, 54036, जींद-फिरोजपुर पैसेंजर जाने वाली 54045, 54046, जींद-सिरसा पैसेंजर जाने वाली 54043, 54044 ट्रेनें रद्द रही। पिछले एक सप्ताह से बंद पड़े जींद-फिरोजपुर रेलवे लाइन के कारण रेलवे को अब तक 40 करोड़ रुपये से ऊपर का नुकसान हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications