अलगाववादियों के समक्ष समर्पण कर रही संप्रग सरकार : भाजपा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा श्रीनगर के लाल चौक पर राष्ट्रध्वज फहराने के लिए निकाली गई यात्रा के खिलाफ प्रधानमंत्री के बयान पर भाजपा ने उन्हें निशाने पर लिया है। भाजपा ने रविवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार कश्मीर के अलगाववादियों के समक्ष 'समर्पण' कर रही है।
प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अपने ब्लॉग पर लिखा, " मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री यह अनुभव करें कि अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में युवा राजनीतिक लाभ नहीं लेना चाहते। वे अलगाववादियों को चुनौती पेश कर रहे हैं। जबकि देश उनके समक्ष घुटने टेक रहा है।"
वरिष्ठ नेता ने प्रधानमंत्री द्वारा शनिवार को दिए गए उस बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस "राजनीतिक लाभ लेने का मौका नहीं है, और न ही ऐसी स्थिति करने का है जिससे देश और स्थानीय प्रशासन शर्मिदा हो।"उन्होंने कहा, "ऐसी स्थिति पैदा करने की जरूरत है जिससे समस्या को पूरी तरह से टाला जा सके। साथ ही विभाजनकारी एजेंडे से बचे जाने की जरूरत है।"
आडवाणी ने कहा कि अलगाववादी लाल चौक पर पाकिस्तानी राष्ट्रध्वज को फहराकर भारत सरकार का मजाक उड़ा रहे हैं। जबकि मनमोहन सरकार की सहमति पर राज्य सरकार ने घोषणा की कि वह भाजयुमो को राष्ट्रध्वज फहराने की अनुमति नहीं देगी।
आडवाणी के बाद भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री द्वारा पार्टी की युवा इकाई की यात्रा को 'विभाजनकारी' बताने पर उन पर कश्मीरी अलगाववादियों के समक्ष 'मानसिक रूप से समर्पण' करने का आरोप लगाया।जेटली ने प्रधानमंत्री के रुख को अस्वीकार्य बताते हुए हैरानी जताई कि कैसे एक राष्ट्रध्वज को फहराना 'विभाजनकारी और उकसाने वाला' हो सकता है।
जेटली ने कहा, "जब दो लोग दिल्ली में आकर जम्मू एवं कश्मीर के अलगाव की बात करते हैं तो उसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता करार दिया जाता है और जब तिरंगा फहराने के अपने सार्वभौमिक अधिकार की बात हो रही है तो विघटनकारी बताया जा रहा है।"












Click it and Unblock the Notifications