मछुआरे की हत्या की जांच करे श्रीलंका : भारत
नई दिल्ली। श्रीलंका नौसेना द्वारा कथित रूप से एक दूसरे भारतीय मछुआरे की हत्या किए जाने पर भारत ने रविवार को कड़ी निंदा की। भारत ने एक दिन पहले हुई इस घटना की जांच श्रीलंका से करने की मांग की है। इस तरह की घटना दोहराई न जाए इसे सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है।
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने इस हिंसक घटना पर भारत सरकार की तरफ से 'तीव्र और स्पष्ट निंदा की है।' उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की।भारत सरकार ने इस मामले को तुरंत नई दिल्ली और कोलम्बो में श्रीलंका सरकार के समक्ष उठाया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने पत्रकारों को बताया, "श्रीलंका सरकार से इस घटना की जांच गंभीरता से करने के लिए अनुरोध किया गया है और यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि इस तरह की घटना दोबारा न हो।"अधिकारियों के मुताबिक पिछले 10 दिनों में श्रीलंका नौसेना ने दो भारतीय मछुआरों की हत्या कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications