पोलियो बूथों पर पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
जयपुर। प्रदेश में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत रविवार को 5 वर्ष तक की आयु के समस्त बच्चों को पोलियो की खुराक दो बूंद पिलाने के लिए समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। पोलियो खुाराक पिलाने के लिए स्थापित 49 हजार 537 बूथों पर प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे तक पोलियो खुराक पिलाई जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ए.ए.ख़ान दुरूमियां ने समस्त प्रदेशवासियों से पोलियो की खुराक पिलाने के कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाकर 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पोलियो बूथों पर एक करोड़ 12 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने की व्यवस्था की गयी है। अगले दो दिनों सोमवार व मंगलवार को पोलियो टीमों द्वारा घर-घर जाकर बूथ पर नहीं आये बच्चों को खुराक पिलाई जायेगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के बाहर से आने वाले समस्त बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए रेलवे स्टेशनों व बस स्टेशनों पर समुचित व्यवस्थाएं की गयी हैं। कच्ची बस्तियों, फुटपाथ, ईंट-भट्टों, निर्माण क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों इत्यादि में रहने वाले बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए अलग से पोलियो दल गठित किये गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications