हिमाचल में राष्ट्रीय एकता यात्रा का स्वागत
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को ऊना जिले के मैहतपुर में राष्ट्रीय एकता यात्रा का स्वागत किया। यह यात्रा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में चल रही है।कोलकाता से 12 जनवरी को शुरू हुई यह एकता यात्रा श्रीनगर के लाल चौक में सम्पन्न होगी, जहां 26 जनवरी को तिरंगा फहराने की योजना है।
ऊना में जनसमूह को सम्बोधित करते हुए धूमल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर यात्रा स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि कोलकाता से एकता यात्रा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने राष्ट्रहित में सर्वोच्च बलिदान दिया और जम्मू एवं कश्मीर में परमिट प्रणाली का विरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं तथा कारगिल में आपरेशन विजय के दौरान प्रदेश के 92 युवा शहीद हुए। उन्होंने कहा कि वीरों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं गया तथा घुसपैठियों को भारतीय सीमाओं से निकाल भगाया।
उन्होंन कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जम्मू एवं कश्मीर में केंद्र की सहयोगी सरकार राष्ट्रीय ध्वज फहराने का विरोध कर रही है। जम्मू एवं कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है तथा राष्ट्रीय झंडे को फहराना देश के नागरिकों का वैधानिक अधिकार है।
धूमल ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के विघटन को कभी भी स्वीकृत नहीं करेगी। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के उद्देश्य की प्रशंसा और समर्थन करते हुए कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक एकता यात्रा का समर्थन करता है। उन्होंने यात्रा की सफलता की कामना की।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने लोगों विशेषकर देश के युवाओं का एकता यात्रा को भारी समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने श्रीनगर के लाल चौक में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की युवाओं की बचनवद्धता को दोहराते हुए कहा कि इस यात्रा ने 25 राज्यों से गुजर कर 2700 किलोमीटर का सफर तय किया तथा 376 बैठकें आयोजित की गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने एकता यात्रा का स्वागत किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications