कश्मीर घाटी में सर्दी बरकरार
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में रविवार को भी बर्फीली हवाओं और ठिठुरनभरी सर्दी का असर बरकरार रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री लुढ़क कर शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह में यह शून्य से 17.6 डिग्री नीचे रहा।
श्रीनगर में मौसम विभाग में मौसम विज्ञानी ए.आर.जरगर ने कहा, "श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं जम्मू में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से दो डिग्री कम है।"
उन्होंने कहा, "दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग में यह शून्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"जरगर ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 17.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर भर में मुख्य तौर पर सर्द और शुष्क मौसम का दौर कम से कम सोमवार तक तो बरकरार रहेगा।"
श्रीनगर सहित घाटी के अन्य शहरों में मुख्य सड़कों पर बर्फ जमने के कारण सुबह लोगों को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए जोखिम बढ़ गया है।श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा यातायात के लिए खुला हुआ है। वाहनों को जम्मू से श्रीनगर जाने की इजाजत दी गई है लेकिन श्रीनगर से जम्मू जाने की इजाजत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications